मुरादाबाद : पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित 22 सूत्रीय मांगों को पूरा करे सरकार
उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की जिला इकाई की ओर से मुशायरा ग्राउंड में धरना प्रदर्शन किया गया
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की जिला इकाई की ओर से शनिवार को पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित 22 सूत्रीय मांगों को लेकर मुशायरा ग्राउंड में धरना प्रदर्शन किया गया।
जिलाध्यक्ष गोपीकृष्ण ने कहा कि संघ की मुख्य मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, जनपद मुख्यालय स्तर पर कलेक्ट्रेट का नाम जिलाधिकारी कार्यालय के स्थान पर मिनी/जनपद सचिवालय रखने, कलेक्ट्रेट लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों को नायब तहसीलदार के 10 प्रतिशत पदों पर प्रोन्नति दी जाए है। इसके अलावा वेतन बैंड, उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट लिपिक संवर्ग सेवा द्वितीय संशोधन नियमावली 2011 को पूर्ववत लागू किया जाए।
पटल सहायकों को लेखा संवर्ग का वेतनमान देने का शासनादेश जारी किया जाए। जनपदों व तहसीलों में लिपिक संवर्ग के अस्थायी पदों को स्थायी करने सहित 22 मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। 28 नवंबर को राजस्व परिषद लखनऊ के समक्ष प्रदेश भर के कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों का ज्ञापन राजस्व परिषद के अध्यक्ष को देंगे। धरने में अरविंद कुमार वर्मा, जिला महामंत्री अभिषेक सिंह, एजाज अहमद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, श्रवण कुमार, अनिल सैनी सहित कलेक्ट्रेट अधिष्ठान के विभिन्न अनुभागों के कर्मचारी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : 11 दिन में 1,492 किलोमीटर सड़क को गढ्ढामुक्त करने की चुनौती
