रुद्रपुर: Community Radio Workshop: छात्रों को दिया रेडियो प्रोग्राम प्लानिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग का प्रशिक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर/पंतनगर, अमृत विचार। विश्वविद्यालय के कृषि संचार विभाग में रेडियो प्रोग्राम प्रोडक्शन विषय पर तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। इस तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेडियो प्रोग्राम प्लानिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग, रिकॉर्डिंग एवं एडिटिंग के बारे में चर्चा की गयी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 100 से भी अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

शनिवार को पंतनगर नाहेप की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीबी पंत विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कृषि डॉ.एसके कश्यप ने कहा कि वित्त पोषित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रेडियो प्रोग्राम की योजना से लेकर प्रोग्राम उत्पादन के बारे में जानकारी देना रहा। उन्होंने कहा कि देश के विकास में रेडियो की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पंतनगर में स्थित सामुदायिक रेडियो के द्वारा महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि जो रेडियो से संबंधित कार्यक्रम बनाना चाहते हैं वे सामुदायिक रेडियो केंद्र पंतनगर जनवाणी में अपनी रिकॉर्डिंग करा सकते हैं।

विभागाध्यक्ष डॉ. वीएलवी कामेश्वरी ने बताया कि यह प्रशिक्षण

कार्यक्रम रेडियो के क्षेत्र में जाने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अर्पिता शर्मा कांडपाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थी रेडियो कार्यक्रम बनाने का अनुभव ले पाएंगे जो उनके रेडियो जॉकी की और रेडियो पेशेवर बनने में काफी मदद करेगा। इस अवसर पर स्टेशन मैनेजर कुमाऊं वाणी मोहन कार्की, सहायक प्राध्यापक उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी डॉ. भूपेन सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार