रुद्रपुर: बाइक सवारों ने युवक पर झोंका फायर, बट से पीटकर किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर,अमृत विचार। पिछले कुछ दिनों से रंपुरा बस्ती में आपसी गैंगवार होने की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। एक बार फिर बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक को पहले तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया और बाद में फायर झोंक दिया। गोली युवक की ठोड़ी को छूकर निकल गई। जिससे युवक चोटिल हो गया और बाल-बाल बच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वार्ड-23 रंपुरा बस्ती निवासी गुड्डू कोहली ने बताया कि 20 अक्टूबर की रात 10 बजे अपने घर के सामने खड़ा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और गाली गलौज करते हुए हाथापाई पर उतारु हो गए। विरोध किया तो बाइक सवारों में से एक युवक ने तमंचा निकालकर तान दिया और तमंचे की बट से पीटना शुरू कर दिया। आरोप था कि बीच बचाव करने आए सूरज कोली के सिर पर तमंचे की बट मार कर चोटिल कर दिया।

आरोप था कि हमलावरों में से एक युवक ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली उसकी ठोड़ी को छूते हुए निकल गई। जिससे वह बाल-बाल बच गया और उसकी ठोड़ी जख्मी हो गई। गोली चलाने के दौरान वहां खड़े दोस्त सूरज कोली की मदद से युवक को पकड़ लिया और रंपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम कटोरी मंदिर रंपुरा निवासी सत्यम कोली बताया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार