टनकपुर: पालिका बोर्ड की बैठक में कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में डेंगू की रोकथाम के लिए टनकपुर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

शनिवार को पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी के संचालन में आयोजित पालिका बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने और सफाई अभियान की मॉनिटरिंग के लिए पालिका के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा के नेतृत्व में कीटनाशक दवा के छिड़काव और फॉगिंग के लिए कमेटी का गठन किया गया।

जिसमें पालिका के अनुराधा यादव, हेमंत टण्डन व प्रिया बिष्ट को कमेटी में सफाई कार्य की देखभाल के लिए सदस्य चुना गया। यह कमेटी नगर क्षेत्र में वार्ड के अनुसार दवा छिड़काव एवं फॉगिंग के कार्य की देखरेख करेगी। बैठक में नगर पालिका के कर्मचारियों के लिए चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कर्मचारियों को दिए जाने के लिए प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया।

दीपावली पर मुख्य चौराहे में स्वागत द्वार एवं बाजार की सजावटी लाइटों से सजावट करने, महिला समूह का तेजी से गठन एवं सीएलसी केन्द्र का संचालन एवं इसमें महिला समूह के उत्पाद बिक्री कर महिला समूह को अधिक से अधिक लाभ का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। नये वार्डों में पथ-प्रकाश हेतु स्ट्रीट लाइटों का विस्तारीकरण करने, नगर क्षेत्र के 365 लीज पट्टों का नवीनीकरण, नगर क्षेत्र के अन्य वार्डों की भूमि का विनिमितिकरण तथा तहसील से नगर क्षेत्र की समस्त भूमि के अभिलेख नगर पालिका को स्थांतरित करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।

इस अवसर पर पालिका के सभासद सविता बिष्ट, पूजा टम्टा, तुलसी कुंवर, हसीब अहमद, कपिल उप्रेती, योगेश पाण्डेय, रईस अहमद, नामित सभासद केदार दत्त जोशी, पालिका के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा,  बसंत राज चन्द, विनोद चन्द्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार