रुद्रपुर: पल्लेदारी की दिहाड़ी मांगने पर ठेकेदार दोस्त ने की थी नेक पाल की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। 18 अक्टूबर को भदईपुरा में हुई नेक पाल हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए कोतवाली पुलिस ने फरार हत्यारोपी ठेकेदार दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात को जब मृतक नेक पाल ने ठेकेदार से पल्लेदारी की दिहाड़ी मांगी,तो उसका विवाद दोस्त से हो गया और दोनों के बीच झगड़ा होने के कारण आवेश में आकर दोस्त ने अपने ही पल्लेदार दोस्त को छत से धक्का दे दिया था। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई और हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार हत्यारोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

बताते चलें कि 18 अक्टूबर यानी बुधवार की रात डेढ बजे भदईपुरा निवासी 40 वर्षीय नेक पाल का शव अपने पड़ोसी दोस्त नागेश के घर के दरवाजे पर पड़ा मिला थी। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया,तो पाया कि मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे और दोस्त मौके से फरार हो चुका था।

हत्या या हादसे की गुत्थी सुलझाने के लिए कोतवाल विक्रम राठौर और एसएसआई कमाल हसन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अपनी तफ्तीश को शुरू की दी थी। पुलिस अभी हत्यारोपी नागेश की सरगर्मी से तलाश कर ही रही थी कि शनिवार की देर शाम सूचना मिली कि नेक पाल का हत्यारोपी दोस्त को काशीपुर फ्लाईओवर के नीचे देखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वार्ड-14 निवासी नागेश उर्फ नागेद्र उर्फ नागा साहनी को गिरफ्तार कर लिया और जब पूछताछ की,तो हत्या आरोपी नागेश ने बताया कि वह पल्लेदारी के लिए मजदूरों का सप्लायर है और नेक पाल भी उसकी देखरेख में पल्लेदारी का काम करता हे।

बताया कि बुधवार की देर रात वह उसके साथ घर की छत पर शराब पी रहा था कि अचानक दोस्त नेकपाल ने पल्लेदारी की दिहाड़ी मांगनी शुरू कर दी और अभद्रता करने लगा। जिस के बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ,तो उसने आवेश में आकर छत से नीचे धक्का दे दिया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए वह घर से फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी नागेश को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।

कच्ची शराब पिलाकर करवाता था नागेश पल्लेदारी

रुद्रपुर। 18 अक्टूबर को भदईपुरा के नेक पाल की हत्या होने के बाद जब पुलिस ने अपनी तफ्तीश को शुरू किया, तो पता चला कि लेबर ठेकेदार नागेश अक्सर ऐसे पल्लेदारों को ढूँढता था जो शराब के लती हो या फिर कम दिहाड़ी में मजदूरी कर सके।  नेक पाल खुद शराब का लती था और पडोसी होने के नाते दोस्त बन गया। तो हत्यारोपी उससे रोज पल्लेदारी का काम करवाता और जब दिहाड़ी देने का समय आता उसे घर पर कच्ची शराब मंगवाकर पिला देता था। कई दिन बीतने के बाद बुधवार की रात को भी ठेकेदार दोस्त ने उसे घर पर बुलाया और जम कर शराब पिलाई। मगर इस बार नेक पाल बार बार दिहाड़ी की मांग करता रहा और दोनों के बीच दिहाड़ी को लेकर झगड़ा शुरू हो गया और आवेश में आकर नागेश ने उसे छत से धक्का देकर मौत की नींद सुला दिया।

पडोसी दो गवाहों ने बदली तफ्तीश की दिशा

रुद्रपुर। बुधवार की रात डेढ बजे नेक पाल की मौत की सूचना मिलने पर जब पुलिस ने मौका मुआयना किया और गुरुवार की सुबह से अपनी तफ्तीश पुन: घटनास्थल से शुरू की। तो इस दौरान हत्यारोपी नागेश के दो पड़ोसियों ने पूरे हत्याकांड से पर्दा उठा दिया था।

पड़ोसियों का कहना था कि बुधवार की देर रात जब नेक पाल दिहाड़ी मांग रहा था,तो उस वक्त दोनों के बीच गाली गलौज व झगड़ा होने लगा था। आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले, तो देखा कि नागेश ने नेकपाल का गिरेबान पकड़ रखा है और कुछ देर बाद हत्यारोपी ने उसे घर की छत से धक्का दे दिया। आंगन में सिर लगने के कारण नेक पाल की मौके पर मौत हो गई और उसके बाद हत्यारोपी ने उसे खींचकर दरवाजे के बाहर फेंक मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों के बयानों के आधार पर हत्या या हादसे के बीच फंसी पुलिस की तफ्तीश बदल गई और पुलिस ने तहरीर आने के बाद 302 के तहत नहीं बल्कि 304 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।

नेक पाल हत्याकांड की तफ्तीश अभी जारी रहेगी। जांच में यदि हत्याकांड के वक्त किसी ओर दोषी का नाम सामने आया। जिसने हत्याकांड को देखने के बाद हत्या आरोपी के फरार होने या फिर शव के साथ छेडछाड करने में मदद की होगी। उसके विरुद्व भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सीडीआर,पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौका मुआयना के आधार पर अपनी जांच को जारी रखेगी।

कमाल हसन,एसएसआई एवं विवेचक

संबंधित समाचार