बरेली: भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम को जारी होगा नोटिस, जानिए पूरा मामला
बरेली, अमृत विचार। पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए संग्रह अमीन रामजी शरण को गिरफ्तार करने वाली भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम पर अब सख्ती होगी। एसपी सिटी राहुल भाटी इस मामले में जल्द टीम समेत संदिग्ध लोगों को नोटिस जारी करेंगे। जिसके बाद सभी का बयान दर्ज किए जाएंगे। इस मामले में अहम भूमिका निभाने वाले लाइजनर से भी पूछताछ की जाएगी।
राजस्व संग्रह अमीन संघ उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और जिला मंत्री जोरावर सिंह के साथ संगठन के कई पदाधिकारियों ने एसएसपी से मिलकर मामले की शिकायत की थी। आरोप था कि 5 अक्टूबर को संग्रह अमीन सर्वेश कुमार और सूर्यप्रकाश जंक्शन रोड स्थित कृष्णा भोजनालय पर खाना खाने गए।
जहां पर संग्रह रामजी शरण को गिरफ्तार करने वाली भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम के साथ अमीन मनोज कुमार यादव बैठे हुए थे। जिसमें दो अज्ञात भी शामिल थे। आरोप है कि दोनों को देखते ही हंसकर बोले आइये और हमारे जश्न में शामिल हो जाइए। जिस पर दोनों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू किए तो मनोज कुमार यादव और ट्रेप में शामिल लोगों ने विवाद कर मारपीट की।
मामले ने जब तूल पकड़ा तो एसएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी को सौंप दी। एसपी सिटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी संग्रह अमीन को गिरफ्तार करने वाली एंटी करप्शन टीम को नोटिस जारी करेंगे। जिसके बाद जांच तेज की जाएगी। गिरफ्तारी कराने के मामले में मुख्य भूमिका निभाने वाला लाइजनर जैसे-जैसे फंसता जा रहा है, उसने बचने के लिए साठगांठ करना शुरू कर दिया है। हालांकि पुलिस उसकी भी भूमिका की जांच कर रही है।
मामले में संबंधित लोगों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। जिसके बाद सभी के बयान दर्ज होंगे। बयान दर्ज होने और जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी---राहुल भाटी, एसपी सिटी।
यह भी पढ़ें- बरेली: जब सांसें रुकने लगीं तो कर दिया रेफर, प्रसूता की मौत
