बरेली: प्रशासन ने अवैध खनन पकड़ा, जेसीबी सीज
प्राइवेट गाड़ी से पहुंचे अफसर, फिर भी लग गई भनक
बरेली, अमृत विचार। प्रशासनिक टीम ने गांव धिमरी भगवानपुर में अवैध खनन पकड़ा। टीम को देखकर खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर- ट्राली लेकर भाग गए। हालांकि, जेसीबी को टीम ने पकड़कर सीज कराने की कार्रवाई की है।
एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि धिमरी भगवानपुर गांव के पास कुछ लोग जेसीबी लगाकर मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी को भरकर भेजा रहा है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार विदित कुमार, निरंकार सिंह को मौके पर भेजा।
दोनों नायब तहसीलदार प्राइवेट गाड़ी से मौके पर पहुंचे, जिससे खनन कर रहे लोग उन्हें पहचान नहीं सके, लेकिन इसके बाद भी लोगों को उनके आने की भनक लग गई। खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगे। यह देखकर तहसीलदार ने गाड़ी खेत में उतार दी, लेकिन गाड़ी फंस गई। लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए।तहसीलदार विदित कुमार ने बताया कि जेसीबी को पकड़कर इज्जतनगर थाने में ले जाकर सीज करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम को जारी होगा नोटिस, जानिए पूरा मामला
