लखनऊ : बीकानेर रेस्टोरेंट को नगर निगम ने किया सील, हाउस टैक्स न जमा करने पर हुई कार्रवाई
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के भूतनाथ स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। बीकानेर रेस्टोरेंट के भवन को बुधवार सुबह सील कर दिया गया। नगर निगम की तरफ से सीलिंग की यह कार्रवाई करीब 8 लाख 81 हजार रूपये हाउस टैक्स का बकाया होने के चलते की गई थी। हालांकि करीब 4 लाख 87 हजार रूपये रेस्टोरेंट के संचालक की तरफ से जमा करने और माफी नामा लिखने के बाद भवन की सीलिंग हटा दी गई। साथ ही नगर निगम जोन सात की जोनल अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने हाउस टैक्स के रूप में बाकी बचे 3 लाख से अधिक रूपये 15 मार्च तक जमा कराने के सख्त निर्देश दिये हैं। ऐसा न करने पर रेस्टोरेंट के खिलाफ एक बार फिर सिलिंग की कार्रवाई हो सकती है।
दरअसल, बीकानेर रेस्टोरेंट जिस इमारत में है। उसका हाउस टैक्स लंबे समय से बकाया चल रहा था। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट पर हाउस टैक्स के रूप में करीब 8 लाख 81 हजार रूपये का बकाया हो गया था। इसके लिए रेस्टोरेंट संचालका को नगर निगम की तरफ से नोटिस भी जारी की गई थी। जिसके बाद रेस्टोरेंट संचालक ने कई बार चेक भी भुगतान के लिए दिया,लेकिन चेक ही बाउंस हो गया। जिसके बाद बुधवार को नगर निगम की तरफ से सीलिंग की कार्रवाई की गई और जैसे ही कार्रवाई हुई, तत्काल हाउस टैक्स के रूप में बकाये धन में से आधे से अधिक नगर निगम के खाते में रेस्टोरेंट संचालक ने जमा भी करा दिया।
नगर निगम जोन सात की जोनल अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने बताया कि कई बार कहने के बाद भी बीकानेर रेस्टोरेंट जिस भवन में संचालित हो रहा है। उसका हाउस टैक्स नहीं जमा किया जा रहा था। जितनी बार भी संचालक की तरफ से चेक दिया गया। वह बाउंस हो गया। जिसके बाद आज यह कार्रवाई की गई है। सीलिंग की कार्रवाई के बाद 4 लाख 87 हजार रूपये जमा किये गये हैं। साथ ही माफी नामा भी संचालक की तरफ से दिया गया है। उसके बाद सीलिंग हटा दी गई है। बाकी बचे हाउस टैक्स के लिए 15 मार्च तक का समय दिया गया है। यदि बकाया हाउस टैक्स नहीं जमा किया जायेगा। तो एक बार फिर बिल्डिंग को सील कर दिया जायेगा।
यह भी पढ़ें : लखनऊ: रामलीला मैदान में जला रावण, सनातन धर्म के विरोध का अंत रही थीम
