हल्द्वानी: नाबालिग से प्यार में मिलीं सलाखें, पुलिस ने लगाया पॉक्सो

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नाबालिग से प्यार करना और उसे भगा ले जाने वाला प्रेमी को यह कदम भारी पड़ गया। तीन दिन बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर दिया। नाबालिग लड़की को तो परिजन अपने साथ ले गए, लेकिन युवक पर पॉक्सो के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। 

पुलिस के मुताबिक तीन दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने पड़ताल की तो पता लगा कि क्षेत्र में रहने वाला एक युवक भी गायब है। जिसके बाद लड़की की बरामदगी और आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर लड़की के परिजन कोतवाली पहुंच गए।

तहरीर के आधार पर पुलिस पड़ताल में जुटी तो तीन दिन बाद नाबालिग लड़की को लड़के के साथ मुखानी थानाक्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस दोनों को लेकर कोतवाली पहुंची तो लड़की और लड़के के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। यहां लाख समझाने की कोशिश की गई, लेकिन नाबालिग अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद्द पर अड़ी रही।

हालांकि वह नाबालिग थी, जिसके बाद पुलिस ने लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द किया और युवक के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसआई विजय मेहता ने बताया कि लड़की के परिनजों ने युवक पर पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवक को जेल और लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। 

संबंधित समाचार