हल्द्वानी: फिर से विवादों में एसटीएच, प्राचार्य से कुमाऊं कमिश्नर ने मांगी रिपोर्ट
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसटीएच में एनेस्थिसिया और ईएनटी विभाग के बीच आपसी मतभेद चल रहे हैं। जिस वजह से मरीजों को परेशानी हो रही है। इसी मतभेद के चलते एक बच्चे को उपचार नहीं मिलने पर उसकी मौत हो गई थी। अब मरीजों को ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने विवाद को देखते हुए प्राचार्य से 15 दिन में लिखित में स्पष्टीकरण के साथ रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
बुधवार को एनेस्थिसिया विभाग से क्लियरेंस न मिलने की वजह से एसटीएच में भर्ती चार मरीजों की ओटी को आगे बढ़ा दिया गया था। प्रभारी प्राचार्य स्वयं एनेस्थिसिया विभाग पहुंचे लेकिन फिर भी काम नहीं किया गया। मरीजों ने एसटीएच में हंगामा काट दिया। एनेस्थिसिया विभाग का कहना है कि चारों मरीज ओपीडी तक पहुंचे ही नहीं थे।
गुरुवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी से फोन पर बातचीत की और पूरे मामले में 15 दिन के भीतर लिखित रिपोर्ट तलब की है। वहीं मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने दोनों विभागों से मामले की रिपोर्ट देने को कहा है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सरल बनाया जाना चाहिए। एसटीएच में प्रशासनिक अनियमितताएं लोगों को नुकसान पहुंचा रहीं हैं, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
