काशीपुर: मासूम की मौत के मामले में हाइड्रा चालक के खिलाफ केस
काशीपुर, अमृत विचार। सड़क हादसे में मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी हाइड्रा के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांधी आश्रम कुंडेश्वरी निवासी सुखराम पुत्र राम बहादुर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर कहा कि वह अपनी पुत्री स्वाति (20) तथा पौत्र तनिष्क थापा (8) के साथ 25 अक्टूबर की सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। बसंत विहार कॉलोनी के पास बेकाबू हाइड्रा के चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तनिष्क की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी पुत्री स्वाती गंभीर रूप से घायल हो गई।
चालक हाइड्रा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घायल स्वाती को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी हाइड्रा के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
