हल्द्वानी: हंसा की मौत का रहस्य गहराया, हत्यारोपियों की क्लीन चिट
दो बार पोस्टमार्टम, कई टीमों की जांच के बावजूद आरोप नहीं हुए साबित
हल्द्वानी, अमृत विचार। हंसा दत्त जोशी की मौत हुई यह सत्य है, लेकिन किन कारणों से हुई इस पर रहस्य और गहरा गया है। इस मामले में हंसा की बेटी सौम्या ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। दो बार पोस्टमार्टम और कई टीमों की जांच के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों के खिलाफ सुबूत नहीं जुटा सकी और अब पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिया है।
चीनपुर मुखानी निवासी हंसा दत्त जोशी की दो बेटियां हैं, लेकिन वह बेटियों के साथ नहीं रहते थे। बीती 29 सितंबर 2021 को हंसा की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की रात हंसा के किराएदार ने सौम्या को फोन कर बताया कि कुछ लोग हंसा को एंबुलेंस में ले गए हैं।
बेटियां जब बेस पहुंची तो वहां हंसा मृत पड़े थे। जिसके बाद सौम्या ने चंदन विहार बिठौरिया निवासी शिवा गिनवाल पुत्र चंदन गिनवाल और सीएमटी कालोनी निवासी अक्षत तिवारी पुत्र उमेश चंद्र तिवारी पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए मुखानी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। सौम्या का आरोप था कि उनके पिता के नाम 38 बीघा जमीन थी। इस जमीन को शिवा और अक्षत ने साजिश के तहत अपने नाम करा ली और पिता को भविष्य में पैसों के भुगतान होने की बात कही। दोनों को डर था कि हंसा उनके खिलाफ जा सकते हैं और इसी वजह से उनकी हत्या कर दी गई।
बता दें कि हंसा को उन्हीं के बाथरूम में लहूलुहान हालत में पड़ा पाया गया था। गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने दो बार हंसा का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन मौत की सही वजह पता नहीं चल सकी। जिसके बाद एसओजी और पुलिस की कई टीमें जुटीं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ हत्या का सुबूत नहीं मिला।
जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के पॉलीग्राफ टेस्ट का फैसला लिया, लेकिन इस टेस्ट की रिपोर्ट भी आरोपियों के पक्ष में आई। जिसके बाद पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर मामला बंद कर दिया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने अपनी ओर से हर स्तर पर जांच की और पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ सुबूत नहीं मिले। जिसके बाद मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई।
