बरेली: एक माह से लंबित चल रहे टैक्स प्रकरण में जोन-3 और 4 के मामले निस्तारित
जोन -2 के आधे से ज्यादा मामले अधूरे, सोमवार तक पूरे करने का समय मांगा
बरेली, अमृत विचार। नगर आयुक्त की सख्ती का असर दिखने लगा है। नगर निगम में एक माह से लंबित चल रहे टैक्स प्रकरण में जोन 3 और 4 के मामले निस्तारित हो गए हैं, जबकि जोन 2 के आधे से ज्यादा मामले निस्तारण नहीं हो सके हैं। संबंधित जोनल अफसर ने इसके लिए सोमवार तक का समय मांगा है।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने तारांकित प्रकरणों की निस्तारण आख्या नहीं मिलने पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा को पत्र भेजकर नाराजगी जताई थी। इसी के बाद सीटीओ ने सभी जोनल अफसरों को पत्र भेजकर शनिवार को बैठक बुलाई थी। इसमें सभी को अपने अपने जोन के प्रकरणों की निस्तारित आख्या लेकर आने को निर्देश दिया गया था। सीटीओ के एडीएम की बैठक में जाने की वजह से कुछ देर ही बैठक हो पाई।
इस दौरान जोन- 3 और 4 के सभी प्रकरण निस्तारित हो गए। जोन- 2 के सबसे ज्यादा 18 मामले थे। इनमें आधे प्रकरण की आख्या जोनल अफसर ने लगाई, लेकिन अन्य अधूरे थे। इसके पीछे जोनल अफसर ने समस्या बताने वालों की ओर दस्तावेज देने में आनाकानी करने और जवाब न देने की बात कही। जोन- 2 के जोनल अफसर ने सीटीओ को बताया है कि सोमवार को प्रकरणों का निस्तारण कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: विकास कार्यों में झोल...जनप्रतिनिधियों ने खोली सिस्टम की पोल
