Kanpur News: इन मार्गों पर आज से नहीं चलेंगे ई-रिक्शा, पकड़े जाने पर यातायात पुलिस करेगी कार्रवाई
कानपुर में रामादेवी-आईआईटी समेत चार मार्गों पर ई-रिक्शा बंद।
कानपुर में रामादेवी-आईआईटी समेत चार मार्गों पर सोमवार से ई-रिक्शा बंद कर दिए गए। पकड़े जाने पर एमवी एक्ट के तहत यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर यातायात सम्बन्धित सुझाव पेटिका लगाई गई।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के यातायात के लिए अरसे से नासूर बने ई-रिक्शों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर से शहर के चार मुख्य हाईवे पर ई-रिक्शों को पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार यदि इन रास्तों पर ई-रिक्शा पकड़े जाएंगे तो उनके विरुद्ध एमवी एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस उच्चाधिकारियों ने एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत इन्हीं मार्गों के प्रमुख चौराहों पर यातायात संबंधित सुझाव पेटिका लगाई गई है। इसमें लोग अपने सुझाव लिखकर डाल सकेंगे।
शहर में लगने वाले जाम और हादसों का एक प्रमुख कारण ई-रिक्शा चालकों की अराजकता है। शहर के प्रमुख चौराहों, गलियों और हाईवे पर बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा के खड़े होने, सड़क के बीचों-बीच सवारियां भरने, ऊटपटांग तरीके से चलने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी होती है। अक्सर जाम भी लगता है।
ई-रिक्शा चालकों की अराजकता के कारण वीआईपी रोड, जीटी रोड समेत शहर के सभी हाईवे पर सोमवार से 30 अक्टूबर से ई-रिक्शा पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया। इस मामले में पिछले शनिवार को डीसीपी ट्रैफिक सलमान ताज पाटिल, एडीसीपी ट्रैफिक अंकिता शर्मा ने डीलर और एसोसिएशन के पदाधिकारी विकास श्रीवास्तव, ई-रिक्शा एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, मोटर स्कूल संचालकों के साथ बैठक कर यह बड़ा निर्णय लिया था।
बैठक में ई-रिक्शा पलटने से सवारियों के साथ होने वाले हादसों व बीच चौराहे पर ई-रिक्शा रोक कर सवारियां भरने के मुद्दो पर भी चर्चा की गई थी। इसके तहत यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा पर प्रतिबंध का आदेश जारी कर दिया है।
चालकों को प्रशिक्षण और ड्रेस कोड
बैठक में निर्णय लिया गया था कि ई-रिक्शा चालकों को प्रशिक्षण के साथ ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। ई-रिक्शा स्टैंड निर्धारित करने के लिए भी स्थानों को चयनित किया जाएगा। दोनों ओर से सवारियों के बैठाने पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा। बैठक में पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए वालेंटियर भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था।
सूचनाओं के लिए लगाई सुझाव पेटिका
यातायात पुलिस ने कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों के पहल पर एक अच्छी शुरुआत की है। प्रमुख चौराहों के पास सुझाव पेटिका लगाई है। यातायात पुलिस के अनुसार जो भी व्यक्ति अपने सुझाव या शिकायत यातायात के लिए देना चाहते हैं वह इसमें लिखकर डाल सकते हैं। यह सूचना लगातार प्रमुख चौराहों पर लगे पीए सिस्टम की ओर से दी जा रही है।
सड़कों पर सिरदर्द बन चुके हैं ई-रिक्शा
शहर की यातायात व्यवस्था के लिए ई-रिक्शा सिरदर्द बन गए हैं। पुलिस और परिवहन विभाग इनको काबू करने में नाकाम रहा है। चौराहों, तिराहों को घेरकर खड़े रहना, बीच सड़क पर झुंड के रूप में चलना, बिना इशारा दिए कहीं भी रोक देना, घुमा देना, रात में बिना लाइट चलना आदि तमाम अराजकताओं को लेकर ई रिक्शा चल रहे हैं। जिससे रोज हादसों में लोग घायल हो रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि शहर में लगभग 60 हजार के आसपास ई-रिक्शा फर्राटा भर रहे हैं, लेकिन इनके संचालन के लिए कोई ठोस नीति नहीं बन पाई है। इनके लिए न तो रूट तय है और न ही कोई नियम।
जहां मिले सवारी, वो सड़क हमारी…
मनमाने तरीके से ई-रिक्शा चालक अपने वाहनों को लेकर किसी भी सड़क पर खड़े हो जाते हैं। जरीब चौकी, पी रोड सीसामऊ बाजार, रावतपुर, कर्नलगंज, बजरिया, चुन्नीगंज, ग्वालटोली, घंटाघर, बादशाहीनाका, मूलगंज, परेड, नईसड़क, लाटूश रोड, अनवरगंज, कलेक्टरगंज समेत दर्जनों मोहल्लों का हाल यह है कि यहां ई-रिक्शा लाइन लगाकर सवारियों का इंतजार करते हैं।
आरटीओ देता अराजकता की इजाजत
आरटीओ सड़कों पर अराजकता फैलाने की इजाजत देता है। ई-रिक्शा का पंजीकरण होने के बाद वह घूम-घूमकर सारे ट्रैफिक नियम बार-बार तोड़ते हैं। सूत्रों ने बताया कि शहर में तकरीबन 35 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा का पंजीकरण है लेकिन चल रहे हैं 60 हजारसे ज्यादा। आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस और शहर प्रशासन ने इसकी फिक्र नहीं की।
नियम इनके ठेंगे पर
ई-रिक्शों को सिर्फ लिंक रोडों पर चलने की अनुमति है लेकिन हालत यह है कि वीआईपी रोड तक पर ई रिक्शा दौड़ जाते हैं। वीआईपी रोड, जीटी रोड और हमीरपुर रोड पर ई रिक्शा चलने पर पाबंदी लगाई गई थी लेकिन ये जीटी रोड पर महाराजपुर-सरसौल तक, कल्याणपुर से मंधना, शिवराजपुर तक, नौबस्ता से बिधनू, वहां से सचेंडी और जाजमऊ गंगापुल तक सवारियां ढोते नजर आते हैं।
इन रूटों पर अराजकता चरम पर
-गुटैया क्रासिंग से बर्रा, गोविंद नगर, किदवई नगर
-फजलगंज से जरीब चौकी, विजय नगर
-विजय नगर से सीटीआई, बर्रा
-शास्त्री चौक से पटेल चौक, बर्रा बाईपास, रतनलाल नगर, गुजैनी
-कल्याणपुर से रावतपुर, मोतीझील से कर्नलगंज
-नौबस्ता से यशोदा नगर, श्याम नगर, रामादेवी, बंबा, हंसपुरम, गल्ला मंडी, समाधि पुलिया, तौधकपुर
-टाटमिल से घंटाघर, घंटाघर से किदवई नगर, किदवई नगर से यशोदा नगर बस स्टॉप
-रामादेवी से जाजमऊ, अहिरवा, पटेल नगर, चकेरी औद्योगिक क्षेत्र
नाबालिग भी चला रहे ई-रिक्शा
सैकड़ों ई-रिक्शा नाबालिग लड़के तक चला रहे हैं। यातायात और थाना पुलिस इन लोगों पर नजर रखती है, लेकिन कार्रवाई नहीं करती, इसी कारण इन लोगों के हौंसले और भी अराजकता फैलाने में बुलंद होते जा रहे हैं। यह नाबालिग ई-रिक्शे में आठ सवारी तक बैठाते हैं, साथ ही अपने पैर को आगे मोड़कर चलते हैं। ई-रिक्शा में न तो इनके हेड लाइट होती है और न हार्न जिससे शहर में हादसों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
ये हैं केंद्रीय मोटरयान नियम
इनमें चालक को छोड़कर चार से अधिक सवारियां नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा रिक्शे पर सिर्फ 40 किग्रा भार का सामान होना चाहिए।
मोटर की शक्ति दो हजार वाट से अधिक नहीं है। वाहन की अधिकतम गति 25 किमी मीटर प्रति घंटा से अधिक नहीं होनी चाहिए।
यातायात विभाग द्वारा तय ई-रिक्शों का संचालन होना चाहिए। शहर में आज तक यह काम नहीं किया जा सका।
इस तरह बढ़ी ई-रिक्शों की संख्या...
वर्ष आरटीओ में रजिस्टर्ड संख्या
2016 1004
2017 4035
2018 4903
2019 4275
2020 2821
2021 6013
2022 8123
2023 400
ये भी पढ़ें- Kerala Blast : केरल ब्लॉस्ट के बाद कानपुर में बढ़ी सतर्कता, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात… ड्रोन से हो रही निगरानी
