काशीपुर: दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप पति सहित चार के खिलाफ केस दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। एक महिला ने अपने पति, उसकी महिला मित्र, जेठ और जेठानी पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि पति और उसकी महिला मित्र ने उसका चार लाख रुपये भी हड़प लिया और सोशल मीडिया पर उसके बारे में अनर्गल पोस्ट डालकर उसे बदनाम कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बाजपुर रोड निवासी एक महिला ने आईटीआई थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह दिसंबर 2021 को छपरा, बिहार निवासी नितेश कुमार सिंह साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति नितेश व ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न शुरु कर दिया।
बाद में ससुराली उसके मायके वालों से सात लाख रुपये की मांग करने लगे। महिला का आरोप है कि उसे बाद में पता लगा कि उसका पति किसी युवती के संपर्क में है। इस बात का खुलासा होने पर पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही है।
आरोप है कि पति नए-नए नंबरों से कॉल कर उसे धमकी दे रहा है और पति ने एक डेटिंग साइड पर उसकी अभद्र फोटो डाल दी। महिला ने अपने पति व उसकी महिला मित्र पर चार लाख रुपये हड़पने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तहरीर अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
