Video - चलती बस में धुएं का छल्ला उड़ा रहा था नशे में धुत कंडक्टर, यात्रियों से की अभद्रता
गोंडा, अमृत विचार। सोमवार की रात बलराम पुर से गोंडा जा रही यूपी रोडवेज की बस के कंडक्टर ने शराब के नशे में धुत होकर यात्रियों से अभद्रता की और विरोध करने पर उनसे मारपीट की कोशिश की। यात्रियों के विरोध के बावजूद बस का कंडक्टर सिगरेट का धुंआ उडाता रहा और अपनी बगल में बैठे अपने एक सहयोगी से अश्लीलता करता रहा। इस दौरान यात्री डरे सहमें किसी तरह यात्रा करने को विवश रहे। सुरक्षित यात्रा का दंभ भरने वाली यूपी रोडवेज के कंडक्टर की इस शर्मनाक करतूत की लोग जमकर आलोचना कर रहे हैं। फिलहाल शिकायत मिलने पर आरोपी कंडक्टर को ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
बलरामपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 47 टी 2722 सोमवार की रात करीब 8.30 बजे यात्रियों को लेकर गोंडा जाने के लिए निकली थी। रात की अंतिम बस होने के कारण बस यात्रियों से भरी हुई थी। बलरामपुर से कुछ दूर दुल्हिनपुर पार करते ही बस कंडक्टर पंकज दूबे सिगरेट पीकर उसका धुंआ यात्रियों पर उडाने लगा। यात्रियों के मुताबिक कंडक्टर पूरी तरह से नशे में धुत था और अपनी बगल की सीट पर बैठे अपने एक सहयोगी से वह लगातार अश्लीलता कर रहा था। बस में सवार यात्रियों ने कंडक्टर की इस शर्मनाक हरकत का विरोध किया तो वह अभद्रता करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। बस में सवार बलरामपुर के एक अधिकारी ने रोडवेज के एआरएम व देवी पाटन मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक को फोन कर कंडक्टर की करतूत बताई। इस दौरान बस में सवार यात्री किसी अनहोनी की आशंका से डरे सहमे रहे। कंडक्टर की इस करतूत का किसी यात्री ने विडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। विडियो में कंडक्टर की शर्मनाक हरकत देखकर लोग यूपी रोडवेज से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल शिकायत मिलने पर आरोपी कंडक्टर को ड्यूटी से हटा दिया गया है और घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
यात्रा से पूर्व चालक और परिचालक की जांच का है नियम
अमृत विचार: यूपी रोडवेज के नियमों के मुताबिक किसी भी बस के यात्रा से पहले उसके ड्राइवर और कंडक्टर की ब्रेथ एनलाइजर से जांच की जानी चाहिए, ताकि उसके नशे में होने की जानकारी सामने आ सके। इसी तरह यात्रा के बीच में भी एक बार और गंतव्य तक पहुंचने पर फिर से उसकी जांच का निर्देश है, लेकिन रोडवेज अपने ही नियमों को भूल गया है। कहीं किसी चालक या परिचालक की जांच नहीं की जाती। ऐसे में चालक व परिचालक बेखौफ होकर यात्रा के दौरान नशा करते हैं। यह नशा कभी कभार बड़े हादसे का कारण बन जाता है।
ड्यूटी से हटाया
बलरामपुर से गोंडा जा रही बस कंडक्टर के शराब के नशे में होने की शिकायत मिली है। इस करतूत पर उसे ड्यूटी से हटा दिया गया है और घटना की जांच कराई जा रही है। दोषी मिलने पर कंडक्टर के बर्खास्तगी की कार्रवाई की जायेगी।
वीरेंद्र कुमार वर्मा, एआरएम- बलरामपुर डिपो
Video - चलती बस में धुएं का छल्ला उड़ा रहा था नशे में धुत कंडक्टर, यात्रियों से की अभद्रता pic.twitter.com/QXzvDoY9G7
— amrit vichar (@amritvicharlko) October 31, 2023
ये भी पढ़ें -SGPGI में तैनात डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी जांच में पाए गए दोषी, अब नहीं कर सकेंगे संस्थान में काम
