काशीपुर: गुरुद्वारे से दानपात्र चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना
काशीपुर, अमृत विचार। अज्ञात चोर गुरुद्वारे से दानपात्र चोरी कर फरार हो गए। चोरी की वारदात गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारे में घुसते हुए नजर आ रहे हैं। गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग है। चोरों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
गुरद्वारा सिंह सभा कचनालगाजी के प्रधान भगवंत सिंह ने कोतवाली पुलिस में कोतवाल मनोज रतूड़ी को तहरीर सौंपकर बताया कि मंगलवार सुबह वह गुरुद्वारे में सेवा करने व पाठ करने के लिए ग्रंथी निशान सिंह के साथ पहुंचे, तो देखा कि गुरुद्वारे में दान पात्र (गोलक) गायब था। इसके बाद ग्रंथी निशान सिंह ने गुरुद्वारे से दानपात्र चोरी की सूचना गांव वालों को दी और गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारे में घुसते हुए नजर आ रहे हैं और जूते पहने हुए दरबार साहिब में रखी गोलक चोरी कर ले गए। जिससे सिख समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। गोलक में श्रद्धालुओं द्वारा दरबार साहिब में चढ़ाई गई करीब एक लाख रुपये की धनराशि थी।
बाद में गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान भगवंत सिंह की अगुआई में काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग कोतवाली पहुंचे और कोतवाल मनोज रतूड़ी को तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। मामले में पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इस मौके पर महेन्द्र सिंह प्रधान, निशान सिंह, बलवंत सिंह, वीरेंद्र सिंह, अवतार सिंह, परमजीत सिंह, जगमोहन सिंह बंटी, सुखदेव सिंह, मंजीत सिंह, जागीर सिंह, सोनू, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
