रुद्रपुर: मेडिकल स्टोर स्वामी और बेकरी विक्रेता के घर धधकी आग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। मंगलवार की दोपहर शहर में एक साथ मेडिकल स्टोर स्वामी और बेकरी विक्रेता के घर में शॉर्ट सर्किट से आग धधक पड़ी। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटे उठने लगी। जिसे देखकर आसपास के लोगों ने घटनास्थल की जानकारी मकान स्वामियों को दी और सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में लाखों का नुकसान होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर डेढ़ बजे के करीब ईश्वर कॉलोनी स्थित मेडिकल स्टोर स्वामी योगेश कुमार उर्फ जुगनू का आवास है। बताया जा रहा है कि दो मंजिला इमारत में अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद धुंआ उठने लगा। जब तक वे कुछ समझ पाते आग ने स्टोर और फर्नीचर कक्ष को अपनी आगोश में ले लिया। देखते ही देखते ही आग की लपटे उठने लगी।

इसके अलावा भल्ला मेडिकल वाली गली मुख्य बाजार के रहने वाले बेकरी विक्रेता राजा अनेजा अपनी दुकान पर थे। डेढ़ बजे के करीब उनकी माता वीना अनेजा भी खाना खाकर घर पर ताला लगाकर दुकान पर चली गई। अचानक तिमंजिला इमारत स्थित कमरे में शॉट सर्किट के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धीरे-धीरे आग तिमंजिला इमारत से लेकर नीचे वाले दो मंजिला कमरों तक फैलने लगी। जिसे देखकर स्थानीय दुकानदारों ने घटना की जानकारी मकान स्वामी को दी।

आग की सूचना मिलते ही जहां व्यापारियों के अलावा बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा, आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी महेश कांडपाल के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। जहां कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में दो कमरों के अलावा तिमंजिला इमारत में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। उधर, बेकरी विक्रेता राजा अनेजा ने बताया कि घर में कुछ दिन पहले ही शादी की तैयारी चल रही थी। जिसको लेकर काफी महंगा सामान भी रखा हुआ था। दो कमरों में लगी आग के कारण लगभग बीस लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज