Kanpur Nagar Nigam ने अवैध रोड कटिंग पर दिया 86 लाख का नोटिस, इस कंपनी पर हुई कार्रवाई
कानपुर में अवैध रोड कटिंग पर नगर निगम ने दिया 86 लाख का नोटिस।
कानपुर में अवैध रोड कटिंग पर नगर निगम ने 86 लाख का नोटिस दिया। जोन 2 और 6 में अनुमति से ज्यादा खोदाई करने पर केस्को की कंपनी पर कार्रवाई की। जोन 3 और 5 में भी अनियमितता मिली।
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम ने दो जोन में अनियमित खोदाई करने पर भूमिगत केबिल बिछा रही केस्को की ठेकेदार कंपनी केईआई को 86 लाख रुपये से ज्यादा का नोटिस थमा दिया है। नगर निगम की जांच में बिना अनुमति के खोदाई किए जाने का खुलासा हुआ है। जोन 3 और 5 में भी कंपनी के खोदाई कार्य में अनियमितता मिली है, लेकिन जोनल अभियंताओं ने कंपनी को नोटिस नहीं दिया है। इसे लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को फटकार लगाई है।
शहर में भूमिगत बिजली के केबिल डालने में अनियमित रोड कटिंग की शिकायत पर महापौर ने 17 अक्टूबर को नवाबगंज क्षेत्र में छापा मारा था। महापौर ने काम बंद कराकर केस्को की ठेकेदार कंपनी के दो इंजीनियरों को नगर निगम मुख्यालय में बिना एसी और पंखे में बैठा दिया था। इसे लेकर नगर निगम और केस्को आमने-सामने आ गए थे। महापौर ने अपने सभी जोनल अधिकारियों को रोड कटिंग की जांच के निर्देश दिये थे।
मंगलवार को महापौर ने जांच रिपोर्ट के साथ सभी अधिकारियों को बुलाया। जोनल अभियन्ता, जोन-2 दिवाकर भास्कर ने बताया कि उनके वार्ड-95 व 66 में 6.473 किमी की अनुमति के स्थान पर कंपनी ने 6.951 किमी रोड कटिंग कर दी। बिना अनुमति 1.25 किमी रोड कटिंग पर 51 लाख 19 हजार 440 का पांच गुना अर्थदंड लगाकर कंपनी को नोटिस दिया है।
सहायक अभियन्ता, जोन-6 कमलेश पटेल ने बताया कि वार्ड -40 में 48 पिट के स्थान 175 पिट एवं वार्ड-17 में 185 पिट के स्थान पर 577 पिट खोद दी गयी हैं, जिसपर 27 लाख के अर्थदण्ड की नोटिस कंपनी को दी जा रही है।
नोटिस न देने पर अभियंताओं को फटकार
जोन-3 के जोनल अभियन्ता अतुल पांडेय ने बताया कि उनके क्षेत्र में 6.09 किमी की के स्थान पर अभी तक 3.42 किमी रोड कटिंग की गयी है। लेकिन, पिट की कटिंग 10 मीटर के स्थान पर 2.50 मीटर पर की जा रही है, अतिरिक्त पिट कटिंग पर आगणन तैयार कर नोटिस जल्द भेजी जाएगी। जोनल अभियन्ता, जोन-5 नानक चन्द्र ने बताया कि 941 पिट के स्थान पर 1286 पिट की कटिंग हुई है, अर्थदंड देने के लिए नोटिस जल्द भेजी जाएगी। जोन 3 और 5 के अधिकारियों पर रोष जताते हुए महापौर ने कहा कि जल्द कार्रवाई की जाए।
जोन 1 और 4 में नहीं शुरू हुआ कार्य
जोनल अभियन्ता जोन-1 आरके पाल ने बताया कि जोन-1 में अभी तक एक करोड़ 11 लाख रुपये जमा हैं, लेकिन अभी कंपनी ने कार्य शुरू नहीं कियाहै। जोनल अभियन्ता, जोन-4 आरके तिवारी ने कहा कि रोड कटिंग के मद में 3 करोड़ रुपये जमा है, लेकिन कंपनी उनके यहां दीपावली के बात काम शुरू करेगी। बैठक में नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, मुख्य अभियन्ता (सिविल) मनीष अवस्थी मौजूद रहे।
दो जोन से 86 लाख रुपये से ज्यादा की कंपनी को नोटिस दी गई है। जल्द ही अन्य जोन से भी नोटिस भेज दी जाएगी। अधिकारियों को अनियमित खोदाई पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।- प्रमिला पांडेय, महापौर
ये भी पढ़ें- Kanpur Kushagra Murder: रस्सी से गला कसकर की थी कपड़ा कारोबारी के बेटे की हत्या, ऐसे हुआ खुलासा
