बरेली: एसपी सिटी की जांच में दोनों सिपाही दोषी, एसएसपी को सौंपी रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। सट्टेबाजों से दोस्ती निभाने के आरोप में फंसे एसओजी के सिपाही मोहित और शकील एसपी सिटी राहुल भाटी की जांच में दोषी पाए गए। एसपी सिटी ने बुधवार देर शाम जांच रिपोर्ट एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को सौंप दी है। दोनों सिपाही पर गुरुवार को कार्रवाई हो सकती है।
हजियापुर निवासी सट्टेबाज शब्बू और मोइन अली का सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें दोनों ने एसओजी के सिपाहियों को हफ्ता देने का दावा किया था। एसएसपी ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी सिटी को सौंपी थी। आईजी रेंज डाॅ. राकेश सिंह ने भी एसओजी को बुलाकर पूरी जानकारी ली थी। एसपी सिटी की सख्ती के बाद बारादरी पुलिस ने दोनों सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में थाने से ही दोनों को जमानत पर छोड़ दिया गया था।
इन बिंदुओं पर दोनों सिपाही जांच में पाए गए दोषी
एसपी सिटी ने जांच में सट्टेबाजों और दोनों सिपाहियों के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई तो पाया कि दोनों सिपाही सट्टेबाजों के रोजाना संपर्क में थे। एसपी सिटी ने दोनों सिपाहियों का लिखित में बयान दर्ज किया। बयान में दोनों सिपाहियों ने सट्टेबाजों को अपना मुखबिर बताया।
एसपी सिटी ने कहा कि अगर मुखबिर थे तो कहीं दबिश दी और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अगर हफ्ता नहीं लेते थे तो खुलकर सट्टेबाज क्यों नाम ले रहे हैं। हालांकि जांच में यह साफ नहीं हो सका कि सट्टेबाजों से दोनों सिपाही सट्टा खिलवाते थे या नहीं।
जांच में चौकी को क्लीनचिट
जो दो ऑडियो वायरल हुए थे उनमें एसओजी और चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सट्टेबाज हफ्ता पहुंचाने का दावा कर रहे थे, एसपी सिटी का जांच में एसओजी के दोनों सिपाही दोषी पाए गए और चौकी पुलिस को क्लीन चिट मिल गई।
पूरे प्रकरण में एसओजी के दोनों सिपाहियों और सट्टेबाजों की सीडीआर निकाल कर जांच की गई। साथ ही सिपाहियों का बयान दर्ज किए गए। जांच में दोनों सिपाही दोषी पाए गए। जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी गई है---राहुल भाटी, एसपी सिटी।
यह भी पढ़ें- बरेली: लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज, सपा नेताओं को विधानसभा क्षेत्र का संगठन प्रभारी बनाया
