बरेली: 40 वार्डों में सुबह नहीं उठेगा कूड़ा, सुपरवाइजरों खड़े किए हाथ
जोन दो और चार में तैनात 265 कर्मचारियों को तीन माह से नहीं मिला वेतन
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने शहर में 40 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने के लिए सुपरवाइजर को खुद वेतन देने का आश्वासन दिया मगर ऐसा नहीं किया। आरोप है कि तीन माह से वेतन न देकर अब उनसे पिछले महीने का यूजर चार्ज नहीं वसूलने पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही जा रही है। इस पर सुपरवाइजरों ने गुरुवार से वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा उठाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, सुपरवाइजर कल मेयर के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
सुपरवाइजरों ने बताया कि नगर निगम ने ब्लैक लिस्ट हुई आनंद साहू की एजेंसी में लगे 265 से अधिक कर्मचारियों को श्रम विभाग के तय धनराशि के अनुसार मजदूरी देने का आश्वासन देते हुए काम पर रखा था। बुधवार को अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने जोन दो और चार के सफाई निरीक्षकों, सफाई नायक और सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। इसमें सितंबर और अक्टूबर का यूजर चार्ज वसूलने की जिम्मेदारी सफाई नायकों को देते हुए सुपरवाइजरों से सहयोग के निर्देश दिए।
सुपरवाइजरों ने कहा कि उन्हें और सफाई कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में अधिकारी वेतन देने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। बताया कि सितंबर में ब्लैकलिस्ट हुई एजेंसी द्वारा वसूली कर ली गई है तो दोबारा कैसे वसूली हो जाएगी। सिर्फ अक्टूबर की वसूली कराने की बात कही। इस पर अपर नगर आयुक्त ने कहा कि अधिकतर भवन स्वामियों ने यूजर चार्ज नहीं दिया है। उन्होंने वसूली में सहयोग करने की बात कही।
सुपरवाइजर अतुल कुमार ने कहा कि अफसर कह रहे हैं कि जिस वार्ड में 20 हजार की वसूली हुई है, वहां एक लाख रुपये की वसूली करें। बताया कि सिकलापुर, आजमनगर, कालीबाड़ी से 20 हजार रुपये एकत्र होते हैं, फिर कहां से एक लाख और दो लाख देंगे। आरोप है कि निगम अफसर कह रहे हैं कि 20 हजार की वसूली कर रहे हो तो सात हजार सैलरी कहां से देंगे, जबकि श्रमिकों को 10500 रुपये देने की बात कही गई थी। तीन माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है। यही हाल सुपरवाइजर का है।
यह भी पढ़ें- बरेली: सीडीओ ने मीरगंज ब्लाॅक का किया औचक निरीक्षण, 16 कर्मचारी मिले गायब
