रुद्रपुर: ट्रक से गायब हुए 35 गेहूं के लदे कट्टे, रिपोर्ट हुई दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के एक ट्रांसपोर्टर ने अपने ही ट्रक के चालक व परिचालक पर गेहूं के कट्टे गायब होने का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर यमन बब्बर ने बताया कि उनके गोदाम से 28 अक्टूबर की रात को गाड़ी संख्या यूके-06 सीए-2905 पर 100 कट्टे गेहूं के लादकर काशीपुर हाईवे स्थित पुल के नीचे खड़ी कर दी गई थी। रात तीन बजे चालक अरविंद और सोनू को गाड़ी से कट्टे उतारकर पिकअप में लादते हुए एक कर्मचारी ने देखा था।
आरोप था कि जब चालक व परिचालक से 35 गेहूं के कट्टे गायब होने की जानकारी ली और पूछताछ की तो दोनों ही सकपकाने लगे। जिस पर ट्रांसपोर्टर ने संदेह जताते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि संबंधित चौकी प्रभारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। संदेहस्पदों से पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
