रामपुर: सैदनगर में फैला रहस्यमयी बुखार, 20 दिन के अंदर 23 की मौत
ग्रामीणों का आरोप: क्षेत्र में फॉगिंग और दवा का छिड़काव न होने से बढ़ रहा प्रकोप
DEMO IMAGE
रामपुर, अमृत विचार। सैदनगर क्षेत्र में 20 दिन के अंदर 23 लोगों ने रहस्मयी बुखार से जान गंवा दी है। स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि क्षेत्र में डेंगू से एक मौत भी नहीं हुई है। इधर, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े भले ही कुछ और बता रहे हों लेकिन बुखार ने क्षेत्र कहर ढा रखा है। आलम यह है कि हर घर में एक से दो मरीज बुखार से तप रहे हैं। जिले में अब तक 650 से अधिक डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं।
बात करें ब्लॉक सैदनगर की तो, यह क्षेत्र डेंगू से मौतें होने का गढ़ बन चुका है। 20 दिन के भीतर ब्लॉक में किसी का पिता, किसी का भाई या फिर किसी का बेटा परिवार से जुदा हो गया है। अगर इन आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो क्षेत्र में 23 लोगों की मौतें हुईं हैं। यानि हर रोज मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है।
लगातार मौतें होने से ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में न तो फॉगिंग हो रही है न ही स्वास्थ्य केंद्र पर डेंगू की जांच हो रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों का मानना है कि जिले में अभी तक किसी की भी डेंगू से मौत नहीं हुई है। संक्रमण से बचाव के लिए बराबर फॉगिंग और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। अगर, कहीं डेंगू पॉजिटिव आता है तो क्षेत्र में फॉगिंग कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- रामपुर : तालाब में उतराता मिला युवक का शव, नहीं हुई शिनाख्त
