Good News: कानपुर में दिसंबर से रिंग रोड निर्माण, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करेंगे शिलान्यास, पहले पीएम….

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में दिसंबर से रिंग रोड निर्माण शुरू होगा।

कानपुर में दिसंबर से रिंग रोड निर्माण शुरू होगा। सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शिलान्यास करेंगे। पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की आधारशिला रखनी थी।

कानपुर, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 93.2 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड के पहले और चौथे फेज का काम दिसंबर माह में शुरू हो जाएगा। तीसरे फेज का काम अगले साल मार्च में शुरू होगा। दीपावली के बाद नवंबर माह के अंत तक सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे।

पहले रिंग रोड का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को करना था, लेकिन पांच राज्यों में हो रहे चुनाव में उनकी व्यस्तता के कारण सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री यह शहर वासियों को रिंग रोड का तोहफा देने आएंगे। शिलान्यास तिथि का निर्धारण दीपावली से पहले हो जाएगा। 

आउटर रिंग रोड का निर्माण चार पैकेज में किया जाना है। पैकेज एक मंधना से सचेंडी और पैकेज चार सचेंडी से रमईपुर तक निर्माण के लिए राज कांस्ट्रक्शन कंपनी को काम दिया जा चुका है। पैकेज तीन में रमईपुर से आटा का कार्य हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को करना है। पिछले दिनों टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिलवेज कंपनी की ओर से मार्च माह से निर्माण कार्य शुरू करने की घोषणा की गई थी।

पैकेज एक में मंधना से सचेंडी तक 24 किलोमीटर और पैकेज चार में सचेंडी से रमईपुर तक 26 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। जबकि पैकेज तीन में रमईपुर से आटा तक 19.23 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। प्रोजेक्ट में शेष बचे पैकेज दो 27.900 किमी हिस्से का टेंडर अभी होना है।
 
गंगा पर बनेगा 1.2 किमी लंबा पुल

रिंग रोड जब रूमा के पास से लखनऊ हाईवे की ओर बढ़ेगी तो गंगा नदी पर 1.2 किमी लंबा पुल बनाया जाएगा। इस पुल के बनने से जाजमऊ के गंगा पुल पर जाम खत्म हो जाएगा क्योंकि वाहन शहर के बाहर ही बाहर निकल जाएंगे। रिंग रोड से एयरपोर्ट तक करीब दो किमी लंबी छह लेन की सड़क बनेगी। इस काम का टेंडर भी जल्द ही होगा। 

रिंग रोड का पहले प्रधानमंत्री के हाथ से शिलान्यास होना था, लेकिन अब सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसकी आधारशिला रखेंगे। इसी हफ्ते उनसे मिलकर कार्यक्रम के लिए तिथि का निर्धारण करा लूंगा।– सत्यदेव पचौरी सांसद 

10 फीसद सड़क प्लास्टिक कचरे से बनेगी

पूरी रिंग रोड में 10 फीसद सड़क प्लास्टिक कचरे से बनाई जानी है। इसी माह राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कन्नौज इकाई यह तय कर लेगी कि कहां से कहां तक की सड़क प्लास्टिक कचरे से बनाई जाएगी। प्लास्टिक कचरा कहां से लिया जाएगा और उसकी मिक्सिंग का प्लांट कहां बनेगा।

ये भी पढ़ें- UP: पति को फोन कर बोली… और फांसी लगाकर महिला ने किया सुसाइड, सामने से देखता रहा ढाई साल का बेटा

संबंधित समाचार