लखनऊ: लविवि में खत्म हुआ छात्रों का अनशन, कुलपति ने पिलाया जूस, निकला हल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। आखिरकार लविवि में छात्रों का अनशन समाप्त हो गया। लखनऊ विवि के कुलपति ने धरना दे रहे छात्रों से मिलकर बातचीत की और सकारात्मक हल के बीच जूस भी पिलवाया। ऐसे में छात्र संघ चुनाव किये जाने की उम्मीद बढ़ चली है।

बता दें कि लखनऊ विवि के छात्र बीते कई दिनों से छात्रसंघ चुनाव को लेकर परिसर के भीतर धरना दे रहे थे। हल न निकलता देख विन्ध्यवासिनी शुक्ला सहित अन्य छात्रों ने भूख हड़ताल की घोषणा कर दी। ऐसे में सियासी दलों ने भी छात्रों से सम्पर्क शुरू कर दिया और इसी के बाद आंदोलन तेज हो गया।

उधर भूख हड़ताल के बाद एक छात्र प्रसन्न के स्वास्थ्य में गिरावट आई तो प्रशासनिक महकमे में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में उसे स्वास्थ्य उपचार दिया गया, जिससे उसकी हालत में सुधार हुआ।शनिवार दोपहर बाद छात्रों को सूचना मिली कि कुलपति वार्ता के इच्छुक हैं। सायंकाल लखनऊ विवि के कुलपति आलोक राय ने छात्रों से मुलाकात की। सकारात्मक पहल के बीच तमाम सी जानकारियां एक दूसरे से साझा हुईं। कुलपति ने न्यायालय के निर्णयों का हवाला देते हुए छात्रों को आशान्वित किया। इसी के बाद जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया गया।

छात्र नेता विन्ध्यवासिनी शुक्ला बताते हैं कि कुलपति की ओर से आशान्वित किया गया है। छात्र संघ चुनाव कराये जाने की उम्मीद जगी है। उधर विवि प्रशासन का दावा है कि छात्रों का अनशन समाप्त करा दिया गया है। न्यायालय में लंबित प्रकरण का हवाला भी दिया गया है। आगे की प्रक्रिया को लेकर जानकारियां प्रेषित करा दी गई हैं।

एबीवीपी ने फूंका पुतला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने शनिवार दोपहर बाद इकट्ठा हुए। एकत्रित छात्रों ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका और विरोध में नारेबाजी भी की। ऐसे में कुछ समय तक परिसर के भीतर अफरा-तफरी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें: बाराबंकी: 11464 हेक्टेयर में तैयार है गन्ना, माह के अंत में चलेगी चीनी मिल, इस साल 20 प्रतिशत तक बढ़ा गन्ने का रकबा

 

संबंधित समाचार