जौनपुर: मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे को लेकर राज्यमंत्री ने मूर्ति स्थल का किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को देखते हुए रविवार को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव प्रशासनिक अमले के साथ मूर्ति निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

राजपूत सेवा समिति द्वारा कलीचाबाद तिराहे पर स्थापित होने जा रही महाराणा प्रताप की भव्य मूर्ति का मुख्यमंत्री द्वारा अनावरण किया जा सकता है और इसी के मद्देनजर श्री यादव ने यह निरीक्षण किया है। मौके पर उपस्थित राजपूत सेवा समिति के सदस्य ओम प्रकाश सिंह से मूर्ति की भब्यता और पार्क के सुंदरीकरण पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि मूर्ति निर्माण में जो सहायता की जरूरत पड़ेगी उसके लिए मुझसे जो भी मदद की जरूरत होगी मै तैयार हूं। उन्होंने मौके पर ही मौजूद नगर मजिस्ट्रेट जल राजन चौधरी, नगर पालिका के अधिशासी अभियंता पवन कुमार व चेयरमैन प्रतिनिधि डा.रामसूरत मौर्य से पार्क के सुंदरीकारण हेतु इंटर लाकिंग व लाइट की व्यवस्था का निर्देश दिया।

उन्होंने निर्माण कार्य के एक- एक गतिविधि का गहनता से निरीक्षण किया। मौके पर कार्यरत मजदूरों से भी जानकारी ली। बातचीत के दौरान कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की यह भव्य मूर्ति पूर्वांचल की शान व जनपद की पहचान होगी। समिति के सदस्यों के ऐतिहासिक कार्य की सराहना की।

अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि पार्क के सुंदरीकरण में कही से भी कोई कमी नहीं रहेगा। ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि चेतक घोड़े पर सवार महाराणा प्रताप की भव्य मूर्ति 13 फीट ऊंची होगी जो करीब 9 फीट ऊंचे चबूतरे पर स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मूर्ति का अनावरण का समय मांगा गया है।

जौनपुर शहर के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर लगने वाली इस मूर्ति से न सिर्फ जौनपुर अपितु पूरे पूर्वांचल का गौरव बढ़ेगा। मौके पर राजपूत सेवा समिति के सदस्य दिनेश सिंह बब्बू, रत्नाकर सिंह, रविन्द्र प्रताप सिंह, अजीत सिंह, शशि प्रताप सिंह, सिद्धार्थ सिंह सहित भारी संख्या में सदस्य मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: आगरा के सर्जन डॉक्टर लाखन सिंह की ट्रेन से कटकर मौत, बेटी को छोड़ने गए थे स्टेशन

संबंधित समाचार