Fatehpur News: खेत में 15 फिट का दिखा अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप, एक जानवर को बनाया अपना शिकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में खेत में 15 फिट का दिखा अजगर।

फतेहपुर में खेत में 15 फिट का अजगर दिखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर ने एक जानवर को अपना शिकार बना लिया। करीब 86 किग्रा के अजगर सांप को लेकर कौतूहल रहा।

फतेहपुर, अमृत विचार। धान काट रहे किसानों के खेत में सोमवार को विशाल अजगर निकल आने से हड़कम्प मच गया। करीब 15 फिट लम्बे और 86 किग्रा के अजगर को देखकर लोग दहशत में आ गए। इसी दौरान अजगर ने एक जानवर को अपना निवाला भी बना डाला। 

विकास खंड देवमई क्षेत्र के मुसाफा चौकी गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर गांव के राजेश सोनकर के खेत में सोमवार को विशाल अजगर निकलने से हड़कम्प मच गया। किसान अपनी धान की खड़ी फसल को काट रहे थे। किसानों ने गांव वालों को सूचना दी। गांव के पूर्व प्रधान सलोने तिवारी के ट्यूबवेल से जुड़े खेतों की वजह से उन्होंने मुसाफा चौकी इंचार्ज को सूचना दी। सौरभ शर्मा चौकी इंचार्ज ने वन विभाग की टीम को अवगत कराया।

चौकी इंचार्ज ने मौके पर आकर मुआयना किया। इधर ग्रामीणों ने एसडीएम बिंदकी को अजगर के बारे में जानकारी दी। एसडीएम बिंदकी ने वन विभाग को मौके पर जाने के लिये आदेशित किया। इस दौरान आस पास के गांवों में खबर आग की तरह फैल गई और देखने वालों का तांता लग गया। करीब दो घंटे बाद वन विभाग के भुवनेश्वर कुमार दुबे और उनके साथ में एक नर्सरी कर्मचारी पहुंचे। उनके द्वारा अजगर को रेस्क्यू किया किया गया। जब अजगर अपने शिकार को मुंह से निगल रहा था तो लोग डर रहे थे।

कर्मचारियों ने आशंका जाहिर करते हुए बताया कि अजगर ने किसी जंगलीय जीव या हिरन के बच्चे को अपना शिकार बनाया है। गांव के बल्लू दीक्षित बताते हैं कि हमारे भी खेत जुड़े हुए हैं कई बार दो दो के जोड़े में अजगर देखने को मिलते हैं। खेतों में पानी लगाते है तो डर का माहौल बना रहता है। कुछ माह पूर्व घटना स्थल से गांव के रामशाला मंदिर के समीप झाड़ियों में एक अजगर ने हिरण के बच्चे को दबोच रखा था तो उसकी चीख पुकार से ग्रामीण दौड़ पड़े और उसको बचाया लेकिन अजगर भग गया था।

लेकिन हिरन के बच्चे को काफी गंभीर चोटें आई थी। इसी तरह से अन्य लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में लगभग 5 से 6 विशाल अजगर हैं। जो आये दिन खेतों में पानी लगाने के दौरान दिखते रहते हैं। इस बाबत वन दरोगा बिंदकी श्रवण शुक्ला ने बताया कि अजगर को पकड़ कर दूर जंगल में छोड़ दिया गया है। उगले जानवर को दफनाने के विषय में बताया कि प्रधान की जिम्मेदारी होती है।

ये भी पढ़ें- UP: नौकरी करने गए सऊदी अरब... बुरी तरह पीटा, पीड़ित बोला- गलत काम करने के लिए कहते, ऐसे लौटा वतन

संबंधित समाचार