मुरादाबाद : सर्राफा व्यवसाइयों को सुरक्षा का भरोसा, ड्रोन से भी होगी निगरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुरक्षा व्यवस्था: सर्राफा कारोबारियों संग एसपी सिटी ने बैठक में सुनी समस्याएं, कहा-देंगे पर्याप्त सुरक्षा लगेगी पीएसी-पुलिस

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिवाली का पर्व निकट है। बाजार में भीड़ बढ़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था का काफी अभाव है। इससे चिंतित सर्राफा कारोबारी कई दिनों से कोतवाली में पुलिस से बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की गुहार लगा रहे थे। सोमवार को एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठक की। जिसमें कारोबारियों को सुरक्षा का भरोसा दिया। कहा कि त्योहारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। साथ ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे।

इस मामले में रविवार शाम सर्राफा कमेटी बाजारगंज के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने एसपी सिटी को फोन कर वस्तुस्थिति बताई थी। एसपी सिटी ने भी इनकी दिक्कतों को लेकर सोमवार सुबह 11.30 बजे बातचीत के लिए अपने चैंबर में बुलाया था। बैठक में कमेटी अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने एसपी सिटी से कहा कि बाजारगंज और मंडी चौक में सर्राफा के 70-80 शो-रूम हैं। सुरक्षा के नाम पर केवल दो महिला पुलिसकर्मी घासमंडी चौराहा पर बैठती हैं, वह भी दिन भर मोबाइल पर व्यस्त रहती हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली पर्व निकट आ रहा है और बाजार में भीड़ बढ़ रही है।

 ऐसे में सर्राफा कारोबारियों में असुरक्षा की स्थिति बनती जा रही है। इस पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने कहा है कि वह उन्हें पूरी सुरक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई भी चूक नहीं होने दी जाएगी। एसपी सिटी ने कारोबारियों के सामने ही कोतवाली में फोन कर बाजार में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने को कहा है। कोतवाली प्रभारी से एसपी सिटी ने ये भी बताया है कि अगले एक-दो दिन में पीएसी मिल जाएगी, उसे भी दिवाली तक बाजार में तैनात किया जाएगा। बैठक में सहमति बनी है कि बाजार में सुरक्षा के लिए और अधिक इंतजाम मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगरानी होगी। 

सर्राफा कारोबारी श्रवण कुमार व प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि बाजार में तीन पहिया ट्रैफिक आने दिया जाए। इस पर एसपी सिटी ने प्रभारी निरीक्षक यातायात पवन कुमार त्यागी से बात की है। कारोबारियों ने बताया कि सर्राफा बाजार में सिविल लाइन का ग्राहक आसानी से बाजार गंज तक पहुंचे, इसके लिए सिविल लाइन से मंडी चौक तक तीन पहिया के ट्रैफिक के लिए एसपी सिटी ने स्वीकृति दे दी है। बैठक में बाजार गंज की सर्राफा कमेटी के कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, मंडी चौक सर्राफा बाजार समिति के उपाध्यक्ष संदीप सिंघल, महामंत्री नितिन और हरथला सर्राफा बाजार कमेटी के अध्यक्ष जय प्रकाश भी थे।

बैठक में ये हुए निर्णय

  • सर्राफा बाजार में पीएसपी लगेगी और पिकेट का भी इंतजाम रहेगा।
  • गुरट्टी चौराहे से मंडी चौक तक तीन पहिया तक का ट्रैफिक जाएगा।
  • वापसी में ट्रैफिक मंडी चौक से गंज की तरफ न आकर टाउन हाल होकर बुद्ध बाजार की तरफ निकलेगा।

धनतेरस से लेकर भाई दूज, पांच दिनों तक के त्योहार में बाजार में काफी भीड़-भाड़ होती है। इसमें किसी नागरिक को सुरक्षा-यातायात की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए डबल फाटक, हरथला जहां भी सर्राफा बाजार हैं वहां स्थाई पिकेट की व्यवस्था कर रहे हैं। यही नहीं, त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महानगर को सेक्टर में विभाजित कर रहे हैं। इन सेक्टरों में पुलिस की ड्यूटी लग रही है। महानगर में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराएंगे।- अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें:- रामपुर: शहर विधायक की अनोखी पहल, दीपावली पर 10 लाख दियों से जगमग होगा रामपुर

संबंधित समाचार