Banda News: दीपावली पर गोबर से तैयार ईको फ्रेंडली दिये जलाएं… डीएम ने वार्ता कर कही ये बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में डीएम-एसपी ने बैठक कर निर्देश दिए।

बांदा में डीएम-एसपी ने बैठक कर निर्देश दिए। दीपावली पर गोबर से तैयार ईको फ्रेंडली दिये जलाएं। जनपद में प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाकर माडल बनाएं।

बांदा, अमृत विचार। डीएम ने मंगलवार को दीपावली पर गोबर से तैयार ईको फ्रेंडली दिये जलाएं और बच्चों को फुलझड़ी व छोटे पटाखे प्रयोग करने को प्रेरित कर प्रदूषण मुक्त त्योहार मनाएं और जनपद को माडल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गोशाला के गोबर से ईकोफ्रेंडली दीये तैयार कर रही हैं। इससे घर रोशन होगा तो आकर्षण भी बढ़ेगा और प्रदूषण भी नहीं फैलेगा। इससे समूह की महिलाओं की आय भी बढ़ेगी। दिवाली के बाद भी वह दीये बनाती रहेंगी।

इसके लिए फाइव स्टार होटलों से संपर्क किया गया है। बांदा के देशी दीये केरल में जनपद का नाम रोशन करेंगे। इस बार 51 हजार ईको फ्रेंडली दिए तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पर्व के पहले जनपद के शहर व ग्रामीण क्षेत्रों को साफ-सुथरा किया जा रहा है। सफाई में इकट्ठा कूड़ा-कचरा निस्तारण केंद्र में डंप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब भाग्यशाली हैं कि जनपद में प्रदूषण की कोई ऐसी समस्या नहीं है।

जनपदवासियों से अपील  कि दीपावली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बच्चों को फुलझड़ी व छोटे पटाखों का इस्तेमाल करने को प्रेरित करें। इस मौके पर सीडीओ वेद प्रकाश मौर्या, डीएसटीओ संजीव सिंह बघेल, बीएसए प्रिंसी मौर्य उपस्थित रहे।

त्योहारों में बाजार में रहेगी कड़ी सुरक्षा 

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि दस नवंबर से धन तेरस पर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था व भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो शिफ्ट में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। बाजार में ई-रिक्शा जाने पर रोक रहेगी। नाबालिग के ई-रिक्शा चलाते मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। बाजार,संवेदनशील क्षेत्रों व मंदिरों में कड़ी सुरक्षा रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। किसी भी घटना पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घनी आबादी से दूर हों पटाखा दुकानें 

डीएम ने कहा कि पटाखा व आतिशबाजी की दुकानें घनी आबादी से दूर होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीएम व सीओ तथा मुख्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ, मुख्य अग्निशमन अधिकारी यह दायित्व संभालेंगे। वहीं मिलावटी खाद्य वस्तुओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- UP: बांदा में दंपती ने जहर खाकर दी जान… दिल को झकझोर देगा आत्महत्या का कारण, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार