रुद्रपुर: गांधी पार्क को खुर्दबुर्द किए जाने का किया विरोध
रुद्रपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के बैनर तले सेनानियों ने गांधी पार्क स्थित महापुरुषों के प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन किया और गांधी पार्क को खुर्दबुर्द किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को संगठन के जिलाध्यक्ष मनोहर चंद्र लोहनी सहित सेनानी गांधी पार्क में एकत्रित हुए। जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से शहर के एकमात्र और वर्षों पुराने गांधी पार्क की जगह पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना चल रही है, जबकि गांधी पार्क में महापुरुषों की प्रतिमा लगी हुई है। वहीं शहर के बीचों बीच बने पार्क में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम होते रहते हैं।
आरोप था कि शासन-प्रशासन ने गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण तो नहीं किया। मगर उसको खुर्दबुर्द करने की योजना बना डाली। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस अवसर पर सुभाष सिंह, घनश्याम पांडेय, मदन मोहन शर्मा, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, इंद्रासन यादव, भोलेनाथ आदि मौजूद रहे।
