शाहजहांपुर: लड़की से छेड़खानी-दुपट्टा खींचा, थाने ले जाते परिजनों पर हमले से हुआ बवाल
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कस्बा तिलहर में एक समुदाय विशेष के युवकों ने साइकिल से कॉलेज जा रही छात्रा का छेड़खानी करते हुए दुपट्टा खींच लिया। भयभीत छात्रा ने भागती हुई घर पहुंची। परिजन आरोपी को पकड़कर थाने ले जा रहे थे तो उसने उन पर हमला बोल दिया। इससे बात बढ़ गई और हंगामा होने लगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। साथ ही गुस्साए लोगों को खदेड़ने के लिए कई बार लाठियां फटकारीं। पुलिस ने तीन आरोपियों पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करते हुए पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। नगर क्षेत्र की कक्षा 11 की एक छात्रा साइकिल से बुधवार की सुबह पढ़ने जा रही थी।
छात्रा ने बताया कि रॉयल पैलेस के पास खड़ा युवक उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा जब उसने विरोध किया तो युवक एवं उसके साथियों ने उसका दुपट्टा खींचा। छात्रा ने बताया कि वह डर गई और कॉलेज में न जाकर सीधे अपने घर गई। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी पर छात्रा के साथ उसके पिता, चाचा एवं क्षत्रिय महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष पंकज सिंह मौके पर पहुंचे।
छेड़खानी करने वाले युवक उस समय भी वहीं खड़े थे। छात्रा के बताने पर पंकज सिंह व छात्रा के पिता ने मोहल्ला सितारंगज निवासी आरोपी सोहेल को पकड़ लिया और बाइक पर बैठाकर उसकी करतूत बताने उसके घर ले जा रहे थे। मधुबन कॉलोनी के पास आरोपी सोहेल ने धक्का देकर गाड़ी को सड़क पर गिरा दिया।
पंकज सिंह का आरोप है कि इसके बाद आरोपी सोहेल के अन्य कई साथी भी आ गए और छात्रा के परिजनों पर हमलावर हो गए। इसी दौरान छात्रा का शोर सुनकर मधुबन कॉलोनी के हिंदू समाज के तमाम लोग निकल आए। उन्होंने आरोपियों को ललकारा और दोनों में मारपीट होने लगी। दो समुदायों के बीच हमले की सूचना पर कोतवाल सुरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी सोहेल व अरशान को हिरासत में ले लिया।
बाद में पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कराया, जहां से आरोपियो को जेल भेज दिया है। मामला दो समुदाय के बीच का होने के कारण पुलिस को भीड़ हटाने के लिए कई बार लाठियां फटकारनी पड़ीं। दोबारा विवाद न हो जाए इसको लेकर कोतवाल ने कई घंटे तक घटनास्थल पर पुलिस को तैनात कर दिया।
जमकर हुआ बवाल, पुलिस ने छेड़छाड़ में दर्ज किया मुकदमा
छात्रा से छेड़छाड़ के बाद दो समुदाय के बीच में जमकर विवाद हुआ, लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस ने छात्रा के पिता की ओर से सितारगंज मोहल्ला निवासी सोहेल, अरशान और शोबीन के खिलाफ छेड़छाड़ व पाक्सो के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किया और पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने घटना के आधार पर सही रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, जिसको लेकर भविष्य में कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।
दोनों पक्षों में मारपीट की सूचना पर कार्रवाई की गई है। छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों युवकों को जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है। विवेचना में यदि कोई अन्य आरोपी सामने आया तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रियांक जैन, सीओ- तिलहर।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: एंबुलेंस से टकराई ट्रैक्टर-ट्राली, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
