हल्द्वानी: नैनीताल बैंक वालों ने जूते घिसवाए, मुकदमा हुआ तो पैसे लौटाए
गैरकानूनी तरीके से ठेकेदार के खाते से निकाल लिए थे 2 लाख 63 हजार रुपये
हल्द्वानी, अमृत विचार। पहले तो ठेकेदार के खाते से लाखों की रकम निकाल ली गई और जब यह स्पष्ट हो गया कि गैरकानूनी तरीके से पैसे निकाले गए तो बैंक रकम वापसी के लिए आनाकानी करने लगा। मामले में जब एसएसपी के आदेश पर नैनीताल बैंक के प्रबंधकों पर मुकदमा हुआ तो आनन-फानन में ठेकेदार के खाते में रकम वापस डाल दी गई।
भगवती कॉप्लेक्स ऊंचापुल मुखानी निवासी रमेश चंद्र भट्ट लोक निर्माण विभाग में ठेकेदार करते हैं। रमेश की मानें तो नैनीताल बैंक की कालाढूंगी रोड शाखा ने उनका बैंक खाता है और 2.63 लाख रुपये गैरकानूनी रूप से उनके खाते से निकाल लिए।
इसकी सूचना उन्होंने मुखानी पुलिस को 5 दिसंबर 2022 को दी गई थी। पुलिस ने इसकी जांच फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट (एफएफयू) शाखा को हस्तांतरित कर दी थी। एफएफयू प्रभारी सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि बैंक ने गलत ढंग से राशि निकाली है और पीड़ित राशि लौटाने के लिए बैंक से निवेदन कर सकता है।
हालांकि निवेदन के बाद भी बैंक ने पैसे नहीं लौटाए। पूरे 10 महीने तक पीड़ित बैंक के चक्कर काटते रह गया और बैंक ने बैंक प्रबंधक का ट्रांसफर कर दिया। बात नहीं तो पीड़ित फिर पुलिस के पास पहुंचा। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के आदेश पर मुखानी पुलिस ने 3 नवंबर को रेनू शर्मा प्रबंधक दि नैनीताल बैंक शाखा कालाढूंगी और उमेश चंद्र रुबाली प्रबंधक दि नैनीताल बैंक मुखानी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। जब मुकदमे की भनक बैंक को लगी तो आनन-फानन में पीड़ित के खाते में पूरी रकम ट्रांसफर कर दी गई।
