नैनीताल में खराब मौसम ने पटाखा व्यापारियों की नींद उडाई
नैनीताल, अमृत विचार। बीते दो दिनों से नैनीताल में मौसम ने दीपावली के दौरान पटाखा बाजार लगाने वाले व्यापारियों की नींद उडा रखी हैं। आसमान में घने बादलों के साथ ही यहां रूक-रूक कर बूंदाबांदी हो रही है। बीती रात हल्की वर्षा के बाद आज सुबह पटाखा बाजार देर से लगी।
दोपहर बाद तक खरीदारों का अकाल बना रहा। मौसम व खरीदारों के रूख से व्यापारियों में निराशा दिखाई दीं। मालूम हो कि प्रशासन ने नैनीताल शहर में दो स्थानों में पटाखा बाजार लगाने की अनुमति दी हैं। तल्लीताल में नम्बर एक बोट स्टैंड के पास तथा मल्लीताल में डीएसए मैदान में निर्धारित की हैं।
तल्लीताल के पटाखा बाजार के व्यापारी बीरू महरा का कहना है कि इस बार पहले तो खरीदारों का अभाव बना हुआ है, दूसरी ओर मौसम की वजह से व्यापारियों में असंमजस का माहौल बना हुआ है। अगर वर्षा हुई तो लगाया गया माल खराब हो सकता हैं। उधर बाजारों में भी आज दोपहर तक मौसम खराब हाेने की वजह से व्यापारियों में निराशा छाई हुई थी। व्यापारियों का कहना है कि यदि वर्षा या हिमपात हुआ तो इस वर्ष दीपावली खाली हाथ जायेगी।
