काशीपुर: दहेज में कार नहीं लाने पर विवाहिता के साथ की मारपीट
काशीपुर, अमृत विचार। एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर उसे दहेज में कार न देने पर मारपीट कर प्रताड़ित करने और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह 7 मई 2020 को जसपुर क्षेत्र निवासी इरशाद के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ गन्दी गन्दी गालियां, मारपीट व जान से मारने का प्रयास करता है। साथ ही हमेशा कार की मांग करता है।
आरोप है कि कार नहीं देने पर उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया। जिसको लेकर बिरादरी की पंचायत हुई और वह वापस अपनी ससुराल चली गयीं। महिला ने बताया कि उसके घर वालों ने शादी के समय सारा घरेलू सामान एवं बुलेट मोटरसाइकिल दी थी। लेकिन उसके ससुराल वाले इन तोहफों से खुश नहीं हुए, क्योंकि ये लोग भारी मात्रा में दहेज चाहते थे।
आरोप है कि पुत्र होने पर उसके पति व ससुरालियों ने उस समय भी कार की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि 20 जून 2023 को उसकी मां व बहन उसकी खैर खबर लेने ससुराल आयी हुई थीं। तभी इन सभी लोगों ने कहा कि तुम हमें एक कार दो वरना हम तुम्हारी पुत्री को घर से निकाल देंगे और सारे सामान में आग लगा देंगे और महिला के पति की दूसरी शादी कर लेंगे।
जब उसकी मां व बहन ने मजबूरी बताया तो सभी लोगों ने गन्दी गन्दी गालियां देते उनके साथ मारपीट की व उसकी बहन के साथ अश्लील हरकत भी की। शोर शराबा होने पर गावं के लोगों ने एकत्र होकर उनको बचाया। पीड़िता की तहरीर अनुसार पुलिस ने पति व ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
