सीएम योगी ने कही बड़ी बात- कहा विश्व की सबसे सुंदर नगरी बनेगी अयोध्या, 10 गुना ज्यादा आएंगे पर्यटक
अयोध्या। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या विश्व की सबसे सुंदर नगरी बनेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या प्रभु श्रीराम की प्रिय नगरी है और इसे दुनिया की सबसे सुंदर नगरी के रूप में विकसित करने के लिए बीजेपी की डबल इंजन की सरकार पूरी तरीके से संकल्पबद्ध है।
सीएम ने कहा कि आज रामनगरी में जितने पर्यटक आ रहे हैं, उससे 10 गुना ज्यादा पर्यटक आने वाली मकर संक्रांति और 22 जनवरी 2024 को भव्य राममंदिर के उद्घाटन के बाद आएंगे। उन्होंने अयोध्यावासी से आह्वान किया कि वो अभी से ही अतिथि देवो भव: के संकल्प के साथ लग जाएं।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्यावासी उस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। योगी ने कहा कि 2017 में जब दीपोत्सव का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ था तक अयोध्यावासियों में उत्साह के साथ एक विशेष तमन्ना दिखती थी। यहां एक नारा गूंजता था कि योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो।
आज 500 वर्षों के बलिदान, आंदोलन, और अभियान के बाद भगवान श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। अब अयोध्या वासियों की यह जिम्मेदारी बनती है कि जब 22 जनवरी 2024 को पीएम मोदी भगवान श्रीराम को उनके भव्य मंदिर में विराजमान करने आएं, तो रामनगरी में उनका स्वागत भी ऐतिहासिक होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: संगमनगरी में धूमधाम से मनाई गयी हनुमान जयंती, भक्तों ने लगाए पवनसुत के जयकारे
