Kanpur News: सड़क निर्माण में खेल की शासन से शिकायत, महापौर प्रमिला पांडेय ने सड़कों के निर्माण की जांच की मांग
कानपुर में सड़क निर्माण में ‘खेल’की शासन से शिकायत।
कानपुर में ठेकेदार ने अशोक नगर में नई बनाई गई सड़क को खोदकर दोबारा बना दिया। महापौर प्रमिला पांडेय ने 10 लाख से कम लागत वाली सड़कों के निर्माण की जांच की मांग।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में सड़क निर्माण में चल रही अनियमितताओं की शिकायत शासन तक पहुंच गई है। महापौर प्रमिला पांडेय ने अशोक नगर में नई सड़क को खोदकर दोबारा बनाने पर मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा को पत्र लिखकर शिकायत की है।
महापौर ने कहा है कि मानकों को ताक पर रखकर शहर में सड़क बनाने में खेल चल रहा है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। महापौर ने 10 लाख रुपये से कम लागत की बनाई जा रही सभी सड़कों की पत्रावलियों की जांच की मांग शासन से की है।
नगर निगम में सड़कों को बनाने में लगातार गड़बड़झाला पकड़ा जा रहा है। पिछले दिनो जोन-4 अशोक नगर में सड़क बनाने के लिए खोदी जा रही नई आरसीसी सड़क का कार्य महापौर ने रुकवा दिया था। जानकारी पर पता चला कि यहां बनी हुई आरसीसी सड़क को खोदकर दोबारा आरसीसी रोड बनाने के लिए 5 लाख 70 हजार 325 रुपये का टेंडर करा दिया गया।
इस जानकारी पर महापौर प्रमिला पांडेय अपने ही अफसरों पर बिफर गईं। महापौर ने जोनल अभियंता-4 को तलब किया। इस दौरान जोनल अभियंता जो फाइल लेकर पहुंचे, उसे भी महापौर ने फेंक दिया था। उन्होंने कहा कि आखिर बनी बनाई सड़क क्यों खोदी जा रही है? महापौर को इस बाबत अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। अब महापौर ने मामले की शिकायत मुख्य सचिव से की है।
10 लाख से ज्यादा के काम की दो से तीन फाइल बनाईं
मुख्य सचिव को पत्र में जानकारी दी गई है कि नगर निगम के अधिकारी सड़क बनाने में खेल कर रहे हैं। सड़कों का आगणन 10 लाख से ज्यादा होने पर दो से तीन फाइल बना दी गई। ताकि, महापौर या कार्यकारिणी समिति का अनुमोदन प्राप्त ही न करना पड़े। साथ ही जिन सड़कों का पैचवर्क होना था वहां पर पूरी सड़कों को बनाने का आगणन तैयार किया गया।
इसको देखते हुए 10 लाख से कम की सड़कों की पत्रावली की जांच कराई जाए। पत्र में महापौर ने यह भी लिखा है कि दीपावली तक सड़क की खोदाई कार्य पर रोक लगाई गई थी, इसके बाद भी नगर निगम अधिकारी खोदाई करा रहे थे।
ये भी पढ़ें- Diwali 2023: दीपावली आज, लक्ष्मी पूजा के लिए ये है शुभ मुहूर्त, इस दिन मनाएं गोर्वधन पूजा और भाईदूज
