काशीपुर: दीपावली पर चार अलग-अलग जगह लगी आग, लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। दीपावली की रात्रि अलग-अलग चार स्थानों पर हुए अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। समय से आग बुझने से बड़ा हादसा होने से टल गया।

नवीन मंडी के पीछे सुलेमान शाह का रद्दी का गोदाम है। दिपावली की रात वह गोदाम बंद करके अपने घर चले गए। रात करीब 9 बजे कुछ लोगों ने जब गोदाम से धुआं उठते देखा, तो इसकी सूचना गोदाम स्वामी को दी। बाद में फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने मौके पर पहुंच गई।

लेकिन आग इतनी भीषण हो चुकी थी, कि मौके पर दमकल विभाग की चार और गाड़ियां बुलानी पड़ी। करीब डेढ़ -दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोदाम स्वामी सुलेमान शाह ने कहा है कि इस अग्निकांड में उन्हें करीब 50 से 55 लाख की क्षति पहुंची है।

वहीं दूसरी घटना जसपुर खुर्द में घटित हुई जहां गरिमा इंटरप्राइजेज की छत पर रखे कबाड़ में आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने वहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं तीसरी घटना टांडा उज्जैन में घटी जहां आमिल हुसैन की रूई की दुकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने वहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं एक अन्य घटना में मुरादाबाद रोड पर दूसरी मंजिल पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में आग लग गई।

सूचना पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने वहां पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रभारी फायर स्टेशन काशीपुर चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि इन चारों अग्निकांड में पीड़ितों के नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है। अग्निशमन टीम में फायरमैन रामकुमार, फायरमैन अर्जुन सिंह, बीरबल सिंह, सोमबीर पवार, विनोद कुमार, जगदीश कांडपाल, पुष्कर सिंह, हंस दास, चालक सुमित पवार, दीपक राठौर आदि रहे।

संबंधित समाचार