हल्द्वानी: दीपावली के दिन 21 घरों में गूंजी किलकारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। 'बेटी' यानी का लक्ष्मी का रूप। दीपावली के दिन बेटियों का जन्म होना बेहद शुभ माना जाता है। रविवार को दीपावली पर जहां लोग धन-वैभव ऐश्वर्य की देवी मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए पूजन में जुटे थे। वहीं कुछ घरों में साक्षात मां लक्ष्मी ने बेटियों के रुप में जन्म लिया। इससे दीपावली की खुशियां दोगुनी हो गई। 

शहर के राजकीय महिला अस्पताल और डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल (एसटीएच) में दीपावली के दिन 21 बच्चे पैदा हुए। इनमें 11 लड़कियों व 10 लड़कों ने जन्म लिया। जिनके घरों लड़की ने जन्म लिया है वह उसे लक्ष्मी का अवतार मान रहे हैं। वहीं जिनके घरों में लड़के पैदा हुए हैं उनका कहना है कि उनके घर कुलदीपक आया है।

अभिभावकों के अनुसार दीपावली के दिन पैदा हुए बच्चे काफी ख्याति प्राप्त करते हैं। बच्चों पर मां लक्ष्मी की अपार कृपा रहती है। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. ऊषा जंगपांगी ने बताया कि रविवार को दीपावली के दिन अस्पताल में 7 बच्चे पैदा हुए। इनमें 3 लड़कियां और 4 लड़कों का जन्म हुआ।

डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्च पूरी तरह से स्वस्थ हैं। दीपावली के दिन जिन घरों में बेटी पैदा हुई उनमें खुशी का माहौल है। परिवार वालों ने अस्पताल में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। वहीं पहली बार मां बनी महिलाओं के चेहरे पर भी खुशी झलक रही थी। इधर, एसटीएच में दीपावली के दिन 14 बच्चे पैदा हुए। इनमें 8 लड़कियों और 6 लड़कों का जन्म हुआ।

संबंधित समाचार