बरेली: पटाखा फोड़ने के विवाद में भिड़े दो पक्ष, थाने का किया घेराव
DEMO IMAGE
बरेली/ बिशारतगंज, अमृत विचार। बिशारतगंज के मिलक बहादुरगंज गांव में पटाखा फोड़ने के विरोध पर दो पक्ष आमने -सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी- डंडे चले। एक पक्ष के कई लोगों ने देर रात बिशारतगंज थाने का घेराव कर नारेबाजी की। समझाने पर आक्रोशित लोगों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। जब भीड़ में शामिल लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां फटकार लोगों को खदेड़ा। मारपीट में दोनों पक्ष से आठ लोग घायल हुए हैं।
गांव मिलक बहादुरगंज में शनिवार रात को पटाखा फोड़ रहे अभिषेक का कल्लू ने विरोध किया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर कल्लू ने अभिषेक की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद कल्लू, मैकू, अनिल, राकेश, ऋषिपाल, कृष्णपाल, अजय, मोहनलाल, लालबहादुर व चन्द्रप्रकाश, देवीदास अभिषेक के घर में लाठी -डंडे और तमंचों के साथ घुस गए और हमला कर दिया।
हमले में अभिषेक, राकेश, वीरेश और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जब वे लोग थाने में शिकायत करने पहुंचे, तब आरोपियों ने उनके घर पर दोबारा हमला बोल दिया और महेन्द्र पाल की पत्नी के साथ अभद्रता की और कुंडल छीन ले गए।
वहीं दूसरे के पक्ष के कल्लू, मैकू और अनिल ने बताया कि पटाखा फाेड़ने से मना करने पर अभिषेक, तेजपाल, राकेश, वीरेश हमलावर हो गए और मारपीट की। उन लोगों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। बिशारतगंज इंस्पेक्टर दीपचंद ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आठ लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र लेकर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। एक पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: रोडवेज बस में एक ही दूरी का अलग-अलग किराया, जांच के आदेश
