हरियाणा: युवक ने तीन दोस्तों के ऊपर चढ़ाया ट्रैक्टर, एक की मौत, दो ने भागकर बचाई जान
चंडीगढ़। हरियाणा के गोहाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामला सीटी थाना क्षेत्र के देवीनगर का है। जहां एक ट्रैक्टर चालक ने तीन दोस्तों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हादसे में एक दोस्त की मौत हो गई, जबकि दो दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मृतक के भाई के शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच में जुट गई है।
दी मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार देवीनगर का रहने वाला मृतक सन्नी अपने दो दोस्तों के साथ फिल्ड में गया था। आरोप है कि इस दौरान वहां संदीप नाम का शख्स ट्रैक्टर लेकर पहुंचा। इसके बाद वह बिना किसी बात की सन्नी और उसके दोस्तों के साथ गाली गलोच करने लगा। जब तीनों ने इसका विरोध किया, तो संदीप ने उनपर ट्रैक्टर चढ़ा कर मारने की धमकी दी।
तीनों दोस्तों पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर
वहीं, सन्नी के परिजन और दोस्तों का कहना है कि वह बार-बार गाली दे रहा था। हम वहां से जाने लगे, तो सामने से तीनों दोस्तों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हमने किसी तरह भागकर जान बचाई, लेकिन सन्नी के ऊपर उसने ट्रैक्टर चढ़ाकर मार दिया। इसके बाद आरोपी मौके से ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। फिर दोस्तों ने मृतक के घरवालों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा-डीसीपी
वहीं, गोहाना के डीसीपी ने बताया कि मंगलवार को मामूली कहासुनी के चलते बरोदा गांव के रहने वाले संदीप ने तीन दोस्तों पर ट्रैक्टर चढ़ाने प्रयास किया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। आरोपी और मृतक में पहले से किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- 'दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, सरकार गिराने के लिये ‘बड़े डाके’ डालती है भाजपा', खड़गे ने बोला हमला
