रुद्रपुर: पहाड़ के ऊंचाई वाले इलाकों में कल और परसों होगी बूंदाबांदी

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। दीपावली के दो दिन बाद ही तराई के तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार और गुरुवार को पहाड़ के ऊंचाई वाले स्थानों में बूंदाबांदी और इससे मैदानी इलाकों में हवा के साथ ठंड बढ़ने की की संभावना जताई है।

मंगलवार को सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाये रहे। दोपहर में कुछ देर हल्की धूप रही। इससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा। दीपावली के बाद तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि दीपावली से पूर्व तक तराई में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तक था, जबकि दीपावली के बाद मंगलवार को तराई का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। वहीं वातावरण में नमी की मात्रा 46 प्रतिशत रही और उत्तर पूर्व से 1.8 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। उन्होंने बताया कि बुधवार और गुरुवार को पहाड़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे ठंड हवाएं चलेंगी इसका असर मैदानी इलाकों में दिखाई देगा।