अमरोहा : कंपनी में निवेश के नाम पर ठगे 1.68 लाख रुपये, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमरोहा, अमृत विचार। चार शातिरों ने ऑनलाइन कंपनी में निवेश के बाद मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर मजदूर से 1.68 लाख रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं रकम लौटाने का तकादा करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट कर पीड़ित को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला इकरार नगर निवासी नफीस अहमद पेशे से मजदूर है। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले में रहने वाले नईम ने बताया था कि वह एक ऑनलाइन कंपनी का मालिक है। जिसमें पैसा लगाने पर मोटा मुनाफा मिलता है। उसकी बात पर यकीन करते हुए नफीस ने एक नवंबर 2021 को नईम के खाते में 1.68 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद न तो मुनाफा मिला और न ही आरोपियों ने मूल रकम वापस की। बताया कि छह नवंबर को जब नफीस ने नईम पर रुपये वापस करने को कहा तो उसने भाई फहीम और चाचा नसीम और शमीम को बुलाकर घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कहा कि इस तरह से पैसे हड़पना उनका काम है। नफीस ने मुकदमा लिखवाने की धमकी दी तो आरोपियों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया और चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: वाहन की टक्कर से बरेली के युवक की मौत, हाईवे पर कार का टायर बदलते समय हुआ हादसा
