शाहजहांपुर: उधार सौदा न देने पर गर्म पानी फेंका, दुकानदार की बेटी झुलसी
शाहजहांपुर, अमृत विचार। ऊधौपारा गांव में उधार सौदा न देने पर आरोपियों ने गर्म पानी दुकानदार की बेटी पर फेंक दिया। दुकानदार की बेटी झुलस गई। इधर दूसरी घटना में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव ऊधौपारा निवासी राजीव कुमार ने बताया कि उसकी गांव में परचून की दुकान है। उसके पड़ोसी अनोज व मनोज दुकान से उधार सामान खरीदकर ले जाते है। सोमवार की शाम साढ़े सात बजे वह और उसकी 12 वर्षीय पुत्री मुस्कान दुकान पर बैठी हुई थी।
दोनो भाई दुकान पर उधार सौदा लेने के लिए आए। उन्होंने उधार सौदा देने से मना कर दिया। दोनों भाई गाली देते हुए मारपीट पर अमादा हो गए। आरोप है कि अनोज की पत्नी घर से गर्म पानी लेकर आए और गर्म पानी फेंक दिया, जिससे उसकी बेटी गर्म पानी से झुलस गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
पुलिस ने अनोज, मनोज और अनोज की पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। इसके अलावा इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय काइयां निवासी राज ने बताया कि सोमवार की रात दस बजे मोहल्ले में किसी के घर जा रहा था।
पड़ोसी राम किशोर ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया और गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जाता है। पुलिस ने आरोपी राम किशोर, रामचंद्र, शिव कुमार, शिव कुमार की पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
ये भी पढ़ें: शाहजहांपुर: करोड़ों की सरकारी जमीन पर भू-माफिया ने किया प्लाटिंग का प्रयास
