लखनऊ: यूपी मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष ने सीएम योगी को लिखा पत्र, कहा- मदरसों को अवैध बोलने से होती है पीड़ा
लखनऊ। यूपी मदरसा बोर्ड के चेयरमैन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मदरसों की मान्यता को लेकर पत्र लिखा है। यूपी मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने मदरसों के सर्वे का जिक्र करते हुए कहा है कि गैर मान्यता मदरसों का सर्वे हुए करीब एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है। लेकिन शासन की ओर से ऐसे मदरसों को मान्यता देने का प्रयास नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि बीते आठ सालों में उत्तर प्रदेश के कई मदरसों की मान्यता नहीं हुई है। मदरसा बोर्ड के चेयरमैन ने आगे कहा कि एक साल पहले यूपी में साढ़े आठ हजार मदरसों का सर्वे हुआ था। ऐसे में शासन के चलते करीब साढ़े सात लाख बच्चों का भविष्य अंधकार में है। वहीं उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मदरसों में 90-95% बच्चे पसमांदा समाज के हैं।
मदरसों की मान्यता को लेकर सीएम योगी को पत्र लिखते हुए डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने बताया कि उत्तर प्रदेश में गैर मान्यता प्राप्त मदरसों को अवैध कहने से पीड़ा होती है।
ऐसे में इन मदरसों को मान्यता देकर इसमें पढ़ रहे बच्चों को मुख्यधारा में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी सपना है कि एक हाथ में कुरान और एक हाथ में कंप्यूटर होना चाहिए।
ये भी पढ़ें: लखनऊ: IIT-BHU की छात्रा को न्याय दिलाने के लिए महिलाओं का प्रदर्शन, ऐपवा-आइसा ने उठाई कार्रवाई की मांग
