रुद्रपुर: वीजा बनाने के नाम पर ठगी करने का आरोपी हुआ गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। ग्राम मलसी के रहने वाले एक व्यक्ति से विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप था कि कबूतरबाज ने पीड़ित के तहेरे भाइयों को न्यूजीलैंड का फर्जी वीजा व पासपोर्ट देकर धोखा दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि कोतवाली के गांव मलसी निवासी बलजिंदर सिंह व मंजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि ग्राम मनकरा फरदीया बहेड़ी बरेली यूपी के रहने वाले दलबीर सिंह, सिमर जीत कौर, सतविंदर पाल सिंह, अमनदीप कौर की मुलाकात रुद्रपुर में हुई थी। जहां उन्होंने बताया था कि सतविंदर पाल व अमनदीप विदेश भेजने का कार्य करते हैं और उनका ओवरसीज का कार्यालय पीलीभीत में है। ओवरसीज के द्वारा कई लोगों का वीजा बनाकर विदेश भेजा जा चुका है।
शिकायतकर्ता का कहना था कि आरोपियों की बातों पर विश्वास करते हुए उसने अपने दोनों तहेरे भाइयों को न्यूजीलैंड भेजने की बात कही तो आरोपियों ने तहेरे भाइयों को वीजा और पासपोर्ट सहित न्यूजीलैंड भेजने का खर्चा 35 लाख रुपये बताया था। जब रकम का भुगतान कर दिया तो कुछ दिनों बाद कॉल आई की सभी दस्तावेज तैयार हो चुके हैं। चार अगस्त 2023 को दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पहुंच जाए।
आरोप था कि जब दोनों भाई दिल्ली पहुंचे तो ऐन वक्त पर सतविंदर के भेजे एक अज्ञात व्यक्ति ने आनन-फानन में वीजा व पासपोर्ट थमा दिया और जिसके बाद जब दोनों भाई न्यूजीलैड पहुंचे तो न्यूजीलैंड इमिग्रेशन पुलिस ने युवकों को पकड़ लिया और वीजा व पासपोर्ट को फर्जी बताकर जेल में डाल दिया।
काफी मशक्कत के बाद युवकों की जमानत करवाई गई और आरोपियों से पैसा वापस मांगा तो धमकियां मिलने लगी थी। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी थी। बताया कि रविवार की सुबह सूचना मिली कि ठगी का एक आरोपी ग्राम मुडलिया इलाही बख्श अमरिया पीलीभीत निवासी को देखा गया। जिसके आधार पर पुलिस ने पीलीभीत में दबिश देकर सतविंदर पाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि फरार चल रहे तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
