पति को ढूंढ़ने सोनभद्र से नोएडा पहुंची महिला, ठेकेदार पर अपहरण का दर्ज कराया मामला  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौतमबुद्ध नगर, अमृत विचार। जिले के थाना दनकौर में सोनभद्र निवासी एक महिला ने ठेकेदार पर पति का अपहरण करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला ने कहा कि एक ठेकेदार उसके पति को जनपद सोनभद्र से काम करने के लिए दनकौर लेकर आया, लेकिन उसकी उसके पति से बात नहीं हो पा रही है। पीड़िता के अनुसार, अनिल कुमार के साथ काम करने वाले लोगों का कहना है कि उसके पति की ठेकेदार के यहां काम करते समय मौत हो चुकी है। थाना दनकौर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरती कुमारी ने बीती रात को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। 

उन्होंने कहा कि आरती का आरोप है कि सोनभद्र निवासी उनके पति अनिल कुमार को ठेकेदार हकीम मियां पुत्र रज्जाक काम करने के लिए नोएडा लेकर आया था। पीड़िता का आरोप है कि दो-तीन महीने तक उसकी उसके पति से बात होती रही, लेकिन इसके बाद उसकी उसके पति से बात होनी बंद हो गई। आरोप के मुताबिक, ठेकेदार बार-बार पूछने पर भी अनिल के बारे में कुछ नहीं बताता तथा धमकी देता है। आरती ने कहा कि ठेकेदार ने उसे मुंह बंद रखने के लिए कई बार पैसा देने का भी लालच दिया। 

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पहले यह मामला जनपद सोनभद्र में दर्ज हुआ था, लेकिन इसके बाद इस मामले को नोएडा स्थानांतरित किया गया है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : मुख्‍यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को जन्मदिन पर दी बधाई

संबंधित समाचार