रुद्रपुर: सितारगंज चीनी मिल में तकनीकी दिक्कत आने से किसान परेशान
रुद्रपुर, अमृत विचार। सितारगंज चीनी मिल में पिछले छह दिन से पेराई नहीं हो रही है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं किच्छा और बाजपुर चीनी मिल में जल्द गन्ने की पेराई शुरू हो जाएगी। इसको लेकर गन्ना विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं विभाग के अधिकारियों का दावा है कि शनिवार से सितारगंज चीनी मिल का संचालन शुरू हो जाएगा।
यहां बता दें कि 18 नवंबर से सितारगंज चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू हो गया था। गन्ना समितियों ने डिमांड के अनुसार किसानों को खरीद पर्चिंयां भी सौंप दी थी। पिछले छह दिन से किसान गन्ने की ट्रालियां लेकर खड़े हैं, लेकिन उनसे गन्ने की खरीद नहीं की जा रही है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में विभाग के सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन ने बताया कि सितारगंज चीनी मिल में बॉयलर खराब होने से तकनीकी दिक्कत आ गयी थी। इस कारण चीनी मिल शुरू नहीं हो पायी।
उन्होंने बताया कि अब तकनीकी दिक्कत को दूर कर लिया गया है। शनिवार से मिल शुरू हो जाएगी और किसानों से गन्ने की खरीद की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि जल्द ही किच्छा और बाजपुर चीनी मिल भी किसानों से गन्ने की खरीद शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत होने नहीं दी जाएगी।
