लखीमपुर-खीरी: परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में फिर फिसड्डी रहे दर्जनों अधिकारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रतिमाह पांच-पांच विद्यालयों का करना है निरीक्षण

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचारः बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों का प्रतिमाह जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाना है, लेकिन दर्जनों अधिकारी निरीक्षण करने में रूचि नहीं ले रहे हैं। नवंबर में लक्ष्य के सापेक्ष कई अधिकारियों ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है, जिसमें जिला, तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इससे शासन की मंशा को अधिकारी ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं। 

जिला स्तरीय अधिकारियों में डायट प्राचार्य द्वारा लक्ष्य 20 विद्यालयों के सापेक्ष पांच विद्यालयों का निरीक्षण किया गया है। शेष अधिकारियों ने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है। तहसील स्तरीय अधिकारियों में एसडीएम सदर ने लक्ष्य पांच विद्यालयों के सापेक्ष एक विद्यालय का निरीक्षण किया है।

निघासन एसडीएम ने दो, पलिया एसडीएम ने चार विद्यालयों का निरीक्षण किया, जबकि मितौली और गोला एसडीएम द्वारा एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया गया। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों में बीडीओ मितौली, पलिया, पसगवां ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है, जबकि निघासन बीडीओ ने दो, मोहम्मदी बीडीओ ने तीन, बांकेगंज व कुंभी बीडीओ ने चार-चार विद्यालय देखें हैं। एमओआईसी बिजुआ, मितौली, मोहम्मदी, पलिया, फूलबेहड़, रमियाबेहड़ ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है।

एमओआईसी पसगवां व नकहा ने एक-एक, लखीमपुर ने और कुंभी ने तीन-तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। एडीओ पंचायत लखीमपुर, नकहा, निघासन ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है, जबकि एडीओ पंचायत बिजुआ व पलिया ने तीन-तीन विद्यालय और रमियाबेहड़ ने चार विद्यालयों का निरीक्षण किया है।

नायब तहसीलदारों में मोहम्मदी के एक नायब तहसीलदार ने पसगवां ब्लॉक के चार विद्यालय, लखीमपुर और गोला के नायब तहसीलदार ने एक-एक विद्यालय का निरीक्षण किया। वहीं मितौली, पलिया, धौरहरा, निघासन के नायब तहसीलदारों ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण करना जरूरी नहीं समझा। सीडीपीओ बांकेगंज, कुंभी, मोहम्मदी, नकहा, निघासन, पसगवां, फूलबेहड़, रमियाबेहड़ ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है।

जबकि सीडीपीओ लखीमपुर ने दो, सीडीपीओ बिजुआ ने दो और सीडीपीओ धौरहरा ने चार विद्यालयों का निरीक्षण किया है। इसी तरह पूर्ति निरीक्षक बांकेगंज, बेहजम, बिजुआ, धौरहरा, ईसानगर, मितौली, नकहा, पलिया, फूलबेहड़, रमियाबेहड़ ने एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है। पूर्ति निरीक्षक मोहम्मदी और निघासन ने तीन-तीन और पूर्ति निरीक्षक पसगवां ने चार विद्यालयों का निरीक्षण किया है। इस प्रकार लक्ष्य के सापेक्ष करीब 102 विद्यालयों का निरीक्षण नहीं हो पाया है। 

शासन के निर्देशानुसार डीएम द्वारा सभी जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की प्रतिमाह परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाई गई है। जिला स्तरीय अधिकारियों को छोड़कर तहसील व ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों का निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। दर्जनों अधिकारियों ने नवंबर में एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया है। इन अधिकारियों की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए डीएम के पास भेजी जाएगी।- प्रवीण कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी 

ये भी पढ़ें - मणिपुर : कुकी जो समुदाय ने अलग प्रशासन की मांग को लेकर निकालीं रैलियां

संबंधित समाचार