बरेली: अब मुनाफाखोरी का चक्कर प्याज फिर @70

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्याज के भाव अब डेलापीर मंडी में मुनाफाखोरी की वजह से बढ़ गए हैं। नासिक में बारिश होने से प्याज का उठान बंद होने की खबर मिलने के बाद दो ही दिन में 15 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। पिछले सप्ताह तक थोक मंडी में प्याज का भाव 45 से 50 रुपये किलो था लेकिन अब 60 से 65 रुपये तक पहुंच गया है। कहा जा रहा है कि प्याज की बढ़े भाव सहालग भर लोगों को परेशान करेंगे।

अचानक भाव चढ़ने के बाद फुटकर मंडियों और ठेलों पर प्याज 70 रुपये किलो तक बिकने लगा है। अक्टूबर में भी प्याज का यही रेट था, नवंबर की शुरुआत में भाव नीचे आ गए थे। कहा जा रहा है रविवार और सोमवार को नासिक में बारिश के बाद आढ़तियों ने मनमाने ढंग से भाव बढ़ा दिए हैं।

कुछ कारोबारियों ने आगे भाव और चढ़ने की उम्मीद में प्याज की जमाखोरी भी शुरू कर दी है। डेलापीर मंडी के थोक कारोबारी जगदीश ने बताया कि नासिक में बारिश होने से वहां प्याज का उठान नहीं हो सका है।

डेलापीर मंडी में आढ़तियों के पास पुराने स्टॉक का ही प्याज है जिस पर वे मुनाफाखोरी कर रहे हैं। इसका असर बरेली कॉलेज, कुतुबखाना, सिटी सब्जी मंडियों में दिख रहा है। बुधवार को इन मंडियों में प्याज की कीमत 65 से 70 रुपये तक बिका।

बारिश से नासिक में प्याज की फसल प्रभावित हुई है। मंडी में रोज प्याज के आठ से दस ट्रक पहुंचते थे लेकिन बारिश के बाद पांच-छह ही आ रहे हैं। इस सप्ताह बढ़े भाव से राहत मिलनी मुश्किल है। - शुजाउर रहमान, डेलापीर मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष

ये भी पढ़ें - बरेली: टैक्ट्रर ने मारी बाइक सवार को टक्कर, एक मौत, दो घायल 

संबंधित समाचार