Kanpur Dehat: हर्ष फायरिंग में घायल हुआ था किशोर... इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस दो आरोपियों को भेज चुकी जेल
कानपुर देहात में हर्ष फायरिंग में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत।
कानपुर देहात में हर्ष फायरिंग में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस बुलंदशहर के दो आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। सिकंदरा के मालवीय नगर में बीते एक सप्ताह पहले शादी समारोह में वर पक्ष की हर्ष फायरिंग के दौरान पिस्टल से गोली चलने में किशोर घायल हो गया था। उसे गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया था। जहां एक सप्ताह बाद उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले की जेल भेज चुकी है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक मनोज कटियार की पुत्री की बारात बीती 24 नवंबर की रात जनपद बुलंदशहर के बाढ़ा गांव से सिकंदरा के बिरहाना चौराहा स्थित विमला रॉयल गार्डन मंे आई थी। देर शाम बारात में शामिल लोग गाजे-बाजे पर नाच-गाना कर रहे थे। तभी वर पक्ष की तरफ से आए बुलंदशहर के बाढ़ा गांव निवासी केशव व खुर्जा निवासी भरत लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग करने लगे।
इसी दौरान पिस्टल से चली गोली पास खड़े सिकंदरा क्षेत्र के मानपुर डेरा गांव निवासी भगत सिंह नायक के तेरह वर्षीय पुत्र आनंद के पेट में लग गई थी। जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को एक ठेकेदार पांच सौ रुपये देने की बात कहकर गांव के ही अन्य चार बच्चों के साथ बर्तन धोने के लिए लाया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल अकबरपुर भेजा था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर आनंद को कानपुर हैलट रेफर किया गया था। मामले में आरोपी केशव व भगत सिंह को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहीं घायल किशोर का कानपुर में इलाज चल रहा था। जहां गुरुवार रात आनंद की मौत हो गई।
कानपुर नगर पुलिस ने वहीं पर शव का पोस्टमार्टम कराया है। इस बावत सिकंदरा थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट कर पहले ही दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। अब केस तरमीम करने की प्रक्रिया होगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: बनियान पहनकर थानाप्रभारी महिला डेस्क पर बैठे, फोटो वायरल होने पर अधिकारियों ने किया लाइन हाजिर
